मुंडन संस्कार को लेकर शहर में ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर नो-एंट्री
पवित्र मुंडन संस्कार के अवसर पर श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 4 मई के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सुबह चार बजे से शाम पांच बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

__ ई-रिक्शा व ऑटो के लिए तीन रूट तय, भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 3 से रात 10 बजे तक बंद
केटी न्यूज/बक्सर
पवित्र मुंडन संस्कार के अवसर पर श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 4 मई के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सुबह चार बजे से शाम पांच बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं ताकि आवागमन सुचारू बना रहे। चार पहिया वाहन चालकों को गोलम्बर से सिंडिकेट होते हुए बाईपास मार्ग से ज्योति प्रकाश चौक जाने की सलाह दी गई है। यहां से आईटीआई रोड, मठिया मोड़ होते हुए दानी कुटिया तक पहुंचा जा सकता है।

दूसरा विकल्प गोलम्बर-सिंडिकेट-ज्योति प्रकाश चौक होते हुए अंबेडकर चौक और फिर ईटाढ़ी गुमटी की ओर जाता है।वहीं, ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए तीन अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पहला रूट गोलम्बर से सिंडिकेट, बाईपास और ज्योति प्रकाश चौक होते हुए स्टेशन तक जाता है। दूसरा रूट ज्योति प्रकाश चौक से आईटीआई रोड, नाथ बाबा और नहर मार्ग से होकर पुनः ज्योति प्रकाश चौक तक लौटता है। तीसरा रूट गोलम्बर, सिंडिकेट, ज्योति प्रकाश चौक, अंबेडकर चौक, बाजार समिति और नई बाजार होते हुए मठिया मोड़ तक तय किया गया है।

शहर के मुख्य हिस्सों में सख्ती अधिक रहेगी। ज्योति प्रकाश चौक से मॉडल थाना चौक और वहां से नाथ बाबा पुल तक सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा थाना चौक से रामरेखा घाट, पीपी रोड और पुराना सदर अस्पताल जाने वाले मार्गों पर भी रोक रहेगी। सिंडिकेट से यमुना चौक होते हुए मॉडल थाना चौक जाने वाली सड़क तथा मठिया पुल से मुनिम चौक तक का रास्ता भी बंद रहेगा, हालांकि इन मार्गों पर दोपहिया वाहनों को सीमित छूट दी गई है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बस, ट्रैक्टर और पिकअप के लिए हवाई अड्डा मैदान, आईटीआई मैदान, बाजार समिति, गोलम्बर पार्किंग और रेलवे मैदान को चिन्हित किया गया है।

वहीं छोटे वाहनों और मोटरसाइकिलों के लिए किला मैदान एवं उसके पीछे का क्षेत्र निर्धारित किया गया हैभारी वाहनों, ट्रैक्टरों और पिकअप का शहर में प्रवेश सुबह तीन बजे से रात दस बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ वैध रेलवे टिकट रखें। हालांकि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भीड़ के मद्देनजर अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का उपयोग न करें और निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें।

