बक्सर जिला कांग्रेस कार्यालय में बाबा साहेब अंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
भारत रत्न डॉ. भीमराव ‘बाबा साहेब’ अंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की। परंपरा के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन तथा बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद भक्तिमय वातावरण में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
-- संविधान निर्माता के योगदान को याद कर कांग्रेस नेताओं ने लिया समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प
केटी न्यूज/बक्सर।
भारत रत्न डॉ. भीमराव ‘बाबा साहेब’ अंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की। परंपरा के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन तथा बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद भक्तिमय वातावरण में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संविधान ने भारत के अमीर-गरीब, सभी वर्गों को समान अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया। समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों ने भारत को लोकतांत्रिक रूप से सशक्त बनाया है, जिसकी सराहना विश्वभर के विद्वान करते हैं।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि देश के प्रथम दलित कानून मंत्री के रूप में डॉ. अंबेडकर की भूमिका ने भारत को कानून के शासन की दिशा में ऐतिहासिक बढ़त दी। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित और वरीयता से वंचित वर्गों को अधिकार और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी मृणाल अनामय ने बक्सर जिला कांग्रेस की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सशक्त संगठन वही अधिकारों की नींव पर खड़ा है, जिसे डॉ. अंबेडकर ने स्थापित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि आने वाले दिनों में बक्सर जिला कांग्रेस को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए समाज एवं राष्ट्र की सेवा की जाएगी।

उन्होंने आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली को सफल बनाने हेतु बक्सर से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर रैली का प्रारूप भी वितरित किया गया।कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय कुमार दुबे (पप्पू दुबे), रोहित उपाध्याय, डॉ. सत्येंद्र ओझा, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, पंकज उपाध्याय, विनोद ओझा, उपेंद्र ओझा, चुमन उपाध्याय, राकेश यादव, राजू यादव, दिवाकर सेठ, गुप्तेश्वर चौबे, नीलू मिश्रा, महेंद्र चौबे, दीपक तुरहा, शक्ति कुमार, राजा तिवारी सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार पांडेय उर्फ पप्पू जी ने किया।
