बक्सर पहुंचा ट्रॉफी गौरव यात्रा, डीएम के नेतृत्व में हुई फूलों की वर्षा

बिहार राज्य में पहली बार 11 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024 के संदर्भ में ट्रॉफी गौरव यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक निकाली जा रही है।

बक्सर पहुंचा ट्रॉफी गौरव यात्रा, डीएम के नेतृत्व में हुई फूलों की वर्षा

- एशियाई हॉकी चैंपियनशीप के रूप में पहली बार बिहार में आयोजित हो रही है कोई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता

- खेल के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए आयोजित हुई है यात्रा

केटी न्यूज/बक्सर 

बिहार राज्य में पहली बार 11 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024 के संदर्भ में ट्रॉफी गौरव यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक निकाली जा रही है। जो हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और झारखंड राज्यों के अलावा बिहार के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी। रविवार को यह ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के विभिन्न जिलों से होते हुए बक्सर पहुंची। जिसका डीएम अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में जिले के अंतर्राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय खिलाड़ियों ने ट्राफी पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। 

ट्रॉफी गौरव यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किला मैदान बक्सर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रॉफी के साथ आए विशिष्ट दल के खिलाड़ियों एवं कोच के ऊपर बक्सर जिले के राष्ट्रीय, राज्य स्तर एवं हॉकी के खिलाडियों द्वारा पुष्प वर्षा करते हुए किया गया। वही, ट्रॉफी के साथ आए विशिष्ट दल द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल को ट्रॉफी हस्तांतरित करते हुए पास द बॉल सेरेमनी का भी आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों द्वारा हॉकी स्टिक से बॉल को दूसरे खिलाड़ियों को पास दिया गया। 

 खेल के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता से आयोजित हो रही है प्रतियोगिता

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बिहार राज्य में खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता एवं निरंतर प्रयास के चलते एशियाई वूमेंस हॉकी चैंपियनशिप 2024 की मेजबानी करने का गौरव बिहार राज्य को प्राप्त हुआ है। बक्सर में ट्रॉफी गौरव यात्रा में एसपी शुभम आर्य, राजपुर विधायक विश्वनाथ राम, उप विकास आयुक्त डॉ. महेन्द्र पाल, अपर समाहर्ता कुमारी अनुपमा सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार मिश्र, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बक्सर, नजारत उप समाहर्ता बक्सर, वरीय उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर, अन्य पदाधिकारीगण तथा राष्ट्रीय स्तर के बक्सर जिले के राष्ट्रीय स्तर के हॉकी के खिलाडियों ने भाग लिया।

 खेल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है उदेश्य

कार्यक्रम में बक्सर जिले के राष्ट्रीय स्तर के सहभागिता रखने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। अंत में ट्रॉफी के साथ आई विशिष्ट टीम को शुभकामनाओं के संदेश के साथ विदा किया गया। गौरतलब है कि वूमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीम हिस्सा ले रही हैं एवं अंतर्राष्ट्रीय राजगीर खेल परिसर के हॉकी ग्राउंड में प्रतियोगिता के सभी मैच खेले जाएंगे। भारत 2023 का विजेता है। इसलिए ट्रॉफी भारत के पास ही है, जो हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। ट्रॉफी गौरव यात्रा का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति का विकास ओर खेल के क्षेत्र में राज्य की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के गौरव के प्रति लोगों को जागरूक कर पहली बार बिहार में होने वाली इस प्रतियोगिता को सफल बनाना है।

विमेंस एसियन हॉकी चैंपियनशीप का मास्कॉट है गुड़िया

महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के लिए मास्कॉट गुड़िया है, जो बिहार में युवा लड़कियों के लिए एक प्रेमपूर्ण शब्द है। यह मास्कॉट गौरैया से प्रेरित है, जो एक संकटग्रस्त प्रजाति है, और यह सहनशक्ति, ताकत और प्राकृतिक धरोहर का प्रतिनिधित्व करती है। यह टूर्नामेंट 11 से 20 नवंबर 2024 तक बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा।