बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए कृतसंकल्पित कैंब्रिज परिवार - टीएन चौबे
कैंब्रिज स्कूल, डुमरांव का वार्षिक खेल दिवस इस बार अनोखे उत्साह और रंगारंग माहौल के बीच मनाया गया। ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क’ थीम पर आधारित स्पर्धा 2025 का शुभारंभ शनिवार को विद्यालय परिसर के खेल मैदान में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका उपआयुक्त राहुलधर पाण्डेय एवं स्कूल चेयरमैन टी. एन. चौबे सहित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।
-- कैंब्रिज स्कूल डुमरांव में वार्षिक खेल स्पर्धा 2025 का भव्य आगाज़
केटी न्यूज/डुमरांव
कैंब्रिज स्कूल, डुमरांव का वार्षिक खेल दिवस इस बार अनोखे उत्साह और रंगारंग माहौल के बीच मनाया गया। ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मस्तिष्क’ थीम पर आधारित स्पर्धा 2025 का शुभारंभ शनिवार को विद्यालय परिसर के खेल मैदान में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपालिका उपआयुक्त राहुलधर पाण्डेय एवं स्कूल चेयरमैन टी. एन. चौबे सहित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।

-- अनुशासन और भयमुक्त शिक्षा है विद्यालय की पहचान - चेयरमैन चौबे
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत स्कूल चेयरमैन टी. एन. चौबे द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय बच्चों के चौमुखी विकास के लिए कृतसंकल्पित है। खेलकूद से बच्चों में नेतृत्व, अनुशासन और टीम स्पिरिट विकसित होती है, जो आधुनिक समय की अनिवार्य आवश्यकताएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में भयमुक्त शिक्षा और अनुशासित वातावरण के कारण ही बच्चे स्कूल को अपना दूसरा घर समझते हैं। हार से न घबराने और निरंतर मेहनत के मूल मंत्र को बच्चों को समझाते हुए उन्होंने बताया कि सफलता हमेशा धैर्यवान और परिश्रमी को ही मिलती है।
-- मुख्य अतिथि ने विद्यालय के बहुआयामी प्रयासों की सराहना की
उपायुक्त राहुलधर पाण्डेय ने विद्यालय द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं बहुआयामी मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में आधारशिला का काम करती है। अनुशासन, नेतृत्व और आपसी सहयोग जैसी गुणात्मक विशेषताएं खेलों के माध्यम से ही विकसित होती हैं।
-- मार्च-पास्ट, नृत्य और कराटे ने जीता सबका मन
हाउसवाइज मार्च-पास्ट की सलामी मुख्य अतिथियों द्वारा ली गई। तत्पश्चात छात्राओं ने आकर्षक स्वागतम नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि छात्रों ने कराटे कौशल का प्रदर्शन कर मंच और मैदान में मौजूद अभिभावकों तथा अतिथियों को अचंभित कर दिया।
-- टैगोर हाउस रहा चैंपियन
विभिन्न प्रतियोगिताओं में हाउसों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंतिम परिणाम में प्रथम स्थान पर टैगोर हाउस, द्वितीय स्थान पर तानसेन हाउस जबकि तृतीय स्थान विश्वामित्र हाउस घोषित किया गया।
-- सैकड़ों प्रतिभागियों ने दर्ज की दमदार उपस्थिति
म्यूज़िकल चेयर, बलून बर्स्ट, रिले रेस, स्पून-मार्बल रेस, 50 एवं 100 मीटर रेस, सैक रेस, केटरपिलर रेस, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, खो-खो, चेस, कराटे, मैथ रेस सहित दर्जनों खेलों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पीयूष कुमार, श्रीजा कुमारी, उत्कर्ष राय, शिवांस कुमार, आरूही कुमारी समेत अनेक प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
स्पर्धा के सफल संचालन में राजेश कुमार, आदित्य पाण्डेय, सागर कुमार, नेहा कुमारी, रागिनी सिंह सहित दर्जनों शिक्षकों की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का मंच संचालन सीनियर इंचार्ज रॉबिन राय एवं कक्षा 11 की छात्रा सोनल चौबे ने किया।अंत में आनंद पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए शिक्षकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम तालियों की गड़गड़ाहट और बच्चों के उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
