विशेश्वर डेरा में महिलाओं को किया गया जागरूक, योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में चक्की प्रखंड अंतर्गत विशेश्वर डेरा गांव के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र में जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा एक सफल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं आपातकालीन सहायता सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना था।

विशेश्वर डेरा में महिलाओं को किया गया जागरूक, योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

--जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन की पहल से महिलाएं हुईं सशक्त

केटी न्यूज/चक्की

महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में चक्की प्रखंड अंतर्गत विशेश्वर डेरा गांव के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र में जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा एक सफल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं आपातकालीन सहायता सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना था।कार्यक्रम में चक्की परियोजना के अंतर्गत आने वाली अनुसूचित जाति की बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया।

जागरूकता सत्र के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 181 एवं जिला हब कार्यालय के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर सहायता प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, शक्ति सदन, जननी सुरक्षा योजना, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से जुड़ी जानकारियां, जीविका समूहों से संबंधित योजनाएं, श्रम संसाधन विभाग की योजनाएं तथा खेती-किसानी से जुड़ी सरकारी सुविधाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

महिलाओं को बताया गया कि वे इन योजनाओं का लाभ कैसे और कहां से प्राप्त कर सकती हैं।लगभग एक घंटे तक चले संवादात्मक सत्र में महिलाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मनिर्भर बनने तथा अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया गया। इस क्रम में जिला नियोजन कार्यालय की भूमिका और वहां उपलब्ध रोजगार संबंधी सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। साथ ही, महिलाओं को उनके लैंगिक अधिकारों, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया, ताकि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना सशक्त रूप से कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित पंपलेट का वितरण भी किया गया, जिससे जागरूकता का प्रभाव लंबे समय तक बना रहे।इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला हब कार्यालय से लैंगिक विशेषज्ञ शिवांगी, एएनएम रीता कुमारी, एमटीएस मुकेश कुमार, महिला प्रवेक्षिका रेनू प्रभा, आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को महिलाओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।