शादी से लौटते समय मामूली विवाद बना गोलीकांड, 20 दिन बाद मुख्य शूटर दबोचा गया
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर में शादी समारोह से लौटते समय हुए मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक मोड़ ले लिया कि एक युवक को गोली का शिकार होना पड़ा। करीब बीस दिन पहले हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों पर शिकंजे की चर्चा तेज हो गई है।
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर में शादी समारोह से लौटते समय हुए मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक मोड़ ले लिया कि एक युवक को गोली का शिकार होना पड़ा। करीब बीस दिन पहले हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों पर शिकंजे की चर्चा तेज हो गई है।पुलिस के अनुसार, शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि रोहतास जिले के बूढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मुख्य अभियुक्त धनजी सिंह पिता सूर्यदेव सिंह को दबोचा गया।

आरोप है कि धनजी सिंह ने आपसी कहासुनी के दौरान गांव के ही युवक शिवम यादव (25 वर्ष), पिता योगेन्द्र यादव, पर गोली चला दी थी। गोली शिवम के कंधे के पास लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल आरा ले गए, जहां उसका इलाज कराया गया।जांच में सामने आया है कि घायल और आरोपित एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों किसी शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में किसी छोटी-सी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और आरोपित ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

इस मामले में नया भोजपुर थाना कांड संख्या 120/25 के तहत तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले भी लूट और शराब तस्करी जैसे मामलों में संलिप्त रह चुका है और उसके खिलाफ दो पुराने केस दर्ज हैं।नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर जारी रहेगी।
