भूमि विवाद में छुट्टी पर आए पुलिस जवान पर हथियारबंद लोगों ने किया हमला, हाथ टूटा, महिलाओं से बदसलूकी का भी आरोप

कोरान सराय थाना क्षेत्र के मठिया डेरा में रविवार को भूमि विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें छुट्टी पर घर आए बिहार पुलिस के जवान अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

भूमि विवाद में छुट्टी पर आए पुलिस जवान पर हथियारबंद लोगों ने किया हमला, हाथ टूटा, महिलाओं से बदसलूकी का भी आरोप

-- कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिया डेरा में दो पक्षों के बीच अचानक भड़का विवाद, नौ लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच तेज, गिरफ्तारी अभी तक नहीं

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरान सराय थाना क्षेत्र के मठिया डेरा में रविवार को भूमि विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें छुट्टी पर घर आए बिहार पुलिस के जवान अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार विवाद भूमि के पुराने मामले को लेकर शुरू हुआ, जो रविवार को दो पक्षों के बीच अचानक इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट की आ गई। इस मामले में नौ लोगों पर हथियार के साथ पहुंचकर हमला करने का आरोप लगा है। आरोपितों में सिमरी थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव निवासी विनोद सिंह, मनोज सिंह, दिव्य प्रकाश, अभिनव, सुनील कुमार, अजीत कुमार तथा मठिया डेरा निवासी उदय सिंह, निर्मल सिंह और रामेश्वर सिंह शामिल हैं।

बताया जाता है कि विवाद के दौरान हथियारबंद आरोपियों ने पुलिस जवान अमित कुमार को निशाना बनाते हुए बुरी तरह पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनका हाथ भी टूट गया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल जवान को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।इधर, पीड़ित जवान की मां बालकेश्वरी देवी ने थाने में लिखित आवेदन देकर नौ लोगों को नामजद किया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई और उनके गले से आभूषण छीन लिए गए। इस आरोप से घटना और भी गंभीर हो गई है।थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन विवाद लंबे समय से तनाव का कारण बना हुआ है, और रविवार की घटना ने स्थिति को और विस्फोटक बना दिया है। पुलिस की सक्रियता अब इस बात पर टिकी है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर क्षेत्र में शांति बहाल की जाए।