भोजपुर में बड़े उद्योगपति सह भाजपा नेता के भाई की गोली लगने से मौत

भोजपुर में बड़े उद्योगपति सह भाजपा नेता के भाई की गोली लगने से मौत

परिजनों की ओर से जताई जा रही हत्या की आशंका 

छानबीन में जुटी पुलिस खुदकुशी और हत्या की एंगल से कर रही जांच 

केटी न्यूज/आरा

बड़हरा थाना क्षेत्र के बखोरापुर गांव में रविवार तड़के भाजपा नेता अजय सिंह के बड़े भाई की गोली लगने से मौत हो। सुबह करीब पांच बजे उनका शव बरामदे के बाहर खून से लथपथ मिला। घटनास्थल से एक दोनाली बंदूक भी बरामद की गयी है।गोली उनके सीने के बीच में लगी है। 

मृतक बखोरापुर गांव निवासी स्व. रामाधार सिंह के 58 वर्षीय पुत्र शैलेश 

सिंह थे। पेशे से किसान शैलेश सिंह के 

छोटे भाई अजय सिंह बड़े उद्योगपति और समाजसेवी हैं। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई जा रही है। वैसे इलाके में खुदकुशी की चर्चा भी चल रही है। इधर, अहले सुबह गोली लगने से मौत की खबर से गांव और आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ  घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की।

उसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने जांच के लिए घटनास्थल से बरामद बंदूक को जब्त कर लिया है। चचेरे भाई वीर बहादुर सिंह ने बताया कि शैलेश सिंह रोज रात में बरामदे में सोते थे। रविवार अहले सुबह करीब पांच बजे उनकी पत्नी उर्मिला देवी जगी, तो देखा कि वह बरामदे में खून से लथपथ मृत हालत में जमीन पर पड़े है।

उनके शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गयी।वीर बहादुर सिंह के अनुसार उनके चचेरे भाई शैलेश सिंह का पूरे गांव में किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने किसी पर आरोप या आशंका भी नहीं जताया है। बहरहाल पुलिस खुदकुशी और हत्या दोनों एंगल से छानबीन कर रही है। हालांकि इस मामले में किसी भी पुलिस अधिकारी का अधिकृत बयान नहीं आया है। 

शुगर की बीमारी होने से परेशान रहने की चल रही चर्चा, 

इधर, जानकारी के अनुसार शैलेश सिंह शुगर की बीमारी से पीड़ित थे। उस कारण वह काफी परेशान रहते थे। सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि वह हमेशा कहते थे कि बहुत दिक्कत होगी, तो खुद को समाप्त कर लेंगे। ऐसे में उनके द्वारा अपने ही लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर खुदकुशी करने की भी चर्चा चल रही है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। उसके बाद मामला क्लीयर हो सकेगा।

बताया जा है कि शैलेश सिंह अपने चार भाइयों में बड़े थे। उनके मझले भाई अजय सिंह एक बड़े उद्योगपति है। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला देवी, पुत्री प्रियंका, पूजा,प्रीति, पुत्र धीरज और नीरज हैं। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है। पत्नी उर्मिला देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।