मैट्रिक रिजल्ट में बक्सर का धमाका, टॉप-10 में चमके सात सितारे
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा परिणाम ने इस बार बक्सर को जश्न का बड़ा मौका दिया है। रविवार को घोषित नतीजों में जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का डंका बजा दिया। खास बात यह रही कि टॉप-10 में बक्सर के कुल सात परीक्षार्थियों ने जगह बनाई, जिनमें छह छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं। इन सातों ने टॉप-10 के पांच अलग-अलग स्थानों पर कब्जा जमाकर जिले का गौरव कई गुना बढ़ा दिया।
__ छह बेटियों ने बढ़ाया मान, राजपुर की अनुपा बनीं जिला टॉपर; पांच स्थानों पर कब्जा जमाकर जिले ने मनवाया लोहा
केटी न्यूज/बक्सर:
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा परिणाम ने इस बार बक्सर को जश्न का बड़ा मौका दिया है। रविवार को घोषित नतीजों में जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में अपनी प्रतिभा का डंका बजा दिया। खास बात यह रही कि टॉप-10 में बक्सर के कुल सात परीक्षार्थियों ने जगह बनाई, जिनमें छह छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं। इन सातों ने टॉप-10 के पांच अलग-अलग स्थानों पर कब्जा जमाकर जिले का गौरव कई गुना बढ़ा दिया।इस उपलब्धि की अगुवाई राजपुर प्रखंड की मेधावी छात्रा अनुपा ने की, जिन्होंने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया और जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। अनुपा की इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

टॉपर्स की सूची में राजपुर की ही ईशा ने सातवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। वहीं, नावानगर की मुस्कान और ब्रह्मपुर की लक्ष्मी कुमारी ने संयुक्त रूप से आठवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। चौसा की सिमरन ने नौवां स्थान हासिल किया, जबकि डुमरांव के पुराना भोजपुर की पूजा कुमारी और बक्सर के महदह के अर्जुन ने संयुक्त रूप से दसवां स्थान प्राप्त कर जिले को एक और उपलब्धि दिलाई।इस बार की खास बात यह रही कि बेटियों ने सफलता की नई कहानी लिखते हुए लड़कों से एक कदम आगे नजर आईं। सात में से छह स्थान बेटियों के नाम रहे, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इन प्रतिभाशाली छात्रों ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के आगे संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती।

टॉप-10 के अलावा भी जिले के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में जश्न का माहौल देखने को मिला। अभिभावकों और शिक्षकों ने छात्रों की इस सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिला शिक्षा विभाग भी इस उपलब्धि से उत्साहित नजर आया। अधिकारियों ने इसे बेहतर शैक्षणिक माहौल और छात्रों की मेहनत का परिणाम बताते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। कुल मिलाकर, इस बार का मैट्रिक परिणाम बक्सर के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ है, जिसने पूरे राज्य में अपनी अलग पहचान बना ली है।

