मचा कोहराम, बक्सर में युवक व राजपुर में अधेड़ की डूबने से मौत, शवों की तलाश जारी

मचा कोहराम, बक्सर में युवक व राजपुर में अधेड़ की डूबने से मौत, शवों की तलाश जारी

- बक्सर के नाथ बाबा घाट पर दोस्तों के साथ नहाने के दौरान डूब गया इकलौता चिराग

- राजपुर के खीरी में मवेशी धोने के दौरान धर्मावती नदी मंे बहा पशुपालक 

- दोनों जगहों पर गोताखोरों के अभाव में घंटो बाद शुरू हुआ शव की पड़ताल

केटी न्यूज/बक्सर/राजपुर

सोमवार को जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में डूबने से एक युवक व एक अधेड़ की मौत हो गई है। देर शाम तक दोनों शव बरामद नहीं हुए थे। इस घटना के बाद पीड़ित परिजनों में कोहराम मच गया है। वही घटना के बाद घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों या एनडीआरएफ की तैनाती नहीं होने से शव की तलाश घंटों बाद शुरू हुई। जिस कारण लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। पहली घटना जिला मुख्यालय स्थित नाथ बाबा घाट की है। यहां सुबह करीब नौ बजे अपने दोस्तों के साथ नहाने आया एक 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया।

उसे डूबता देख उसके दोस्त तथा घाट पर मौजूद सैकड़ो लोगों ने हो हल्ला किया। लेकिन गोताखोर नहीं होने से करीब 3 घंटे बाद शव की तलाश शुरू हुई। मृतक हर्षित राय उर्फ लक्की राय उम्र 18 वर्ष अपने माता पिता का इकलौता संतान था। वह मूलरूप से राजपुर के तिवाय का रहने वाला था तथा उसका परिवार बक्सर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है।

जानकारी के अनुसार सावन के अंतिम सोमवारी पर वह अपने दोस्तों के साथ नाथ घाट पर नहाने गया था। नहाने के दौरान ही गहरे पानी में चला गया। वही तीन घंटे के बाद आई एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तबजाकर शव की पड़ताल शुरू हुई। लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका था। अंधेरे तथा संसाधनों की कमी के कारण गोताखोर अब मंगलवार को फिर से शव की तलाश करेंगे। वही इस घटना के बाद उसके शिक्षक पिता श्रीभगवान राय समेत पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल था। इकलौते पुत्र के मौत का पहाड़ सरीखा गम से मानों पूरे परिवार को काठ मार गया था।

घटना स्थल पर देर से ही सही बक्सर सदर एसडीओ धीरेन्द्र कुमार मिश्र, बीडीओ रोहित मिश्र सीओ ज्योत्सना सीमा समेत नगर थाने की पुलिस पहुंची तथा शव की तलाश शुरू करवाई। वही घाट पर एनडीआरएफ की तैनाती नहीं होने से लोगों में आक्रोश देखा गया। वही दूसरी तरफ राजपुर थाना क्षेत्र के खीरी गांव के पास भैंस धोने के दौरान एक पशुपालक धर्मावती नदी में बह गया। देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों द्वारा शव की तलाश की जा रही थी। लेकिन शव बरामद नहीं हो सका था।

पशुपालक की पहचान खरिका गांव के 65 वर्षीय सिंहासन सिंह के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 4.30 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह हर दिन की तरह सोमवार को भी भैंस चराने निकला था। शाम में भैंस को धर्मावती नदी में धो रहा था। इसी दौरान तेज बहाव में बह गया। उसे डूबता देख चरवाहों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। राजपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार ने इसकी पुष्टि की है। 

क्या कहते है एसडीओ

सोमवार की सुबह नाथ बाबा घाट पर नहाने के दौरान एक युवक गंगा में डूब गया है। शव की तलाश करवाई जा रही है। वही राजपुर में भी एक पशुपालक के डूबने की सूचना मिली है। शवों की तलाश जारी है।