मजदूर से मारपीट मामले में माले ने मांगी आरोपितों की गिरफ्तारी
सिमरी प्रखंड के बड़का ढकाइच गांव में दलित मजदूर छोटक पासवान के साथ कथित मारपीट और उत्पीड़न के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को भाकपा-माले की छह सदस्यीय टीम गांव पहुंची और पीड़ित मजदूर व उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

__ छह सदस्यीय टीम ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा- कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेगी पार्टी
मजदूर से मारपीट मामले में माले ने मांगी गिरफ्तारी
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
सिमरी प्रखंड के बड़का ढकाइच गांव में दलित मजदूर छोटक पासवान के साथ कथित मारपीट और उत्पीड़न के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को भाकपा-माले की छह सदस्यीय टीम गांव पहुंची और पीड़ित मजदूर व उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। टीम ने कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचकर मामले में आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।माले नेताओं के अनुसार, छोटक पासवान ने बताया कि वह दाहिने हाथ से दिव्यांग है और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके मुताबिक, 11 सितंबर की सुबह उसे मजदूरी के काम के बहाने बुलाकर ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उस पर वाहन की बैटरी चोरी करने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर रस्सी से बांधकर लाठी-डंडे से मारपीट की।

पीड़ित ने जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मारपीट में बेहोश होने के बाद उसे सड़क किनारे छोड़ दिए जाने की बात भी उसने माले टीम को बताई। परिजनों ने उसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव में कराया। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने की भी जानकारी दी गई है।माले की टीम में नवानगर सचिव सह सिमरी प्रभारी हरेंद्र राम, खेग्रामस के जिला सचिव कन्हैया पासवान, चौगाईं सचिव वीरेंद्र सिंह, ब्रह्मपुर सचिव विसर्जन पासवान, युवा जिला नेता बिनोद रजक और आरवाईए नेता रामलाल शामिल थे।माले नेताओं ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच तथा आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। नेताओं ने कहा कि मजदूर के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। हालांकि, मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आ सका है।

