दंगौली मंदिर चोरी कांड का खुलासा: गांव का ही युवक निकला मास्टरमाइंड, गिरोह के तार दूसरे थाना क्षेत्र से जुड़े
मुरार थाना क्षेत्र के दंगौली गांव स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही एक युवक को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है, जिससे यह साफ हो गया कि वारदात में बाहरी नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही साजिश रची गई थी।
केटी न्यूज/चौगाईं
मुरार थाना क्षेत्र के दंगौली गांव स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही एक युवक को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है, जिससे यह साफ हो गया कि वारदात में बाहरी नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही साजिश रची गई थी।गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश यादव के पुत्र वीरेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने न केवल अपने अपराध को स्वीकार किया, बल्कि इस घटना में अन्य साथियों की संलिप्तता का भी खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव के चार अन्य युवक भी इस चोरी में शामिल थे।पुलिस के अनुसार, इन चार में से तीन युवक पहले से ही ट्रांसफार्मर से तेल चोरी के एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।गौरतलब है कि 7 मार्च की रात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित सोने की आंख, पूजा के बर्तन, घंटे और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बन गया था।पुलिस ने पुजारी के बयान पर मामला दर्ज कर तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए बर्तन और नकदी बरामद कर ली गई है।इस खुलासे से जहां ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

