दीवानगंज इलाके को मिलेगी राहत: तीसरे ट्रांसफार्मर से सुधरेगी बिजली व्यवस्था, रविवार सुबह रहेगी आपूर्ति बाधित
डुमरांव नगर क्षेत्र के नया थाना के पीछे स्थित दीवानगंज हरिजी के हाता इलाके में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। लंबे समय से ओवरलोड और बार-बार फॉल्ट की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को अब राहत मिलने की उम्मीद है। इसी उद्देश्य से रविवार को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव नगर क्षेत्र के नया थाना के पीछे स्थित दीवानगंज हरिजी के हाता इलाके में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। लंबे समय से ओवरलोड और बार-बार फॉल्ट की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को अब राहत मिलने की उम्मीद है। इसी उद्देश्य से रविवार को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी।विद्युत विभाग के अनुसार क्षेत्र में पहले से दो ट्रांसफार्मर कार्यरत थे, लेकिन आबादी बढ़ने और उपभोक्ताओं की संख्या ज्यादा होने के कारण दोनों ट्रांसफार्मरों पर जरूरत से अधिक भार पड़ रहा था। इसके चलते बिजली ट्रिपिंग, फ्यूज उड़ने और तकनीकी खराबी की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।

कनीय विद्युत अभियंता मो. इम्तियाज ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए नहर के पास तीसरा ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। अब तीनों ट्रांसफार्मरों पर लोड को बराबर बांटने की प्रक्रिया की जाएगी, जिससे किसी एक ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा।उन्होंने बताया कि रविवार को निर्धारित समय के दौरान लोड शिफ्टिंग का कार्य पूरा किया जाएगा। इस कार्य के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक स्थिर और सुचारू होने की संभावना है। साथ ही, बार-बार होने वाली तकनीकी खराबियों में भी काफी कमी आएगी।विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि काम समय पर पूरा कर जल्द बिजली बहाल कर दी जाएगी।

