मेधा की उड़ान: 9 बेटियों का सम्मान, गांव में गूंजा तालियों का उत्साह

प्रखंड के मिडिल स्कूल सलसला में बुधवार को एक प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब मेधा छात्रवृत्ति के लिए चयनित 9 छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और खुशी के माहौल से गूंज उठा। विद्यालय परिवार ने छात्राओं को फूलमाला पहनाकर तथा कॉपी-कलम भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।

मेधा की उड़ान: 9 बेटियों का सम्मान, गांव में गूंजा तालियों का उत्साह

-- सलसला मध्य विद्यालय में सम्मान समारोह, छात्रवृत्ति पाने वाली छात्राओं को मिला प्रोत्साहन

केटी न्यूज/नावानगर

प्रखंड के मिडिल स्कूल सलसला में बुधवार को एक प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब मेधा छात्रवृत्ति के लिए चयनित 9 छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और खुशी के माहौल से गूंज उठा। विद्यालय परिवार ने छात्राओं को फूलमाला पहनाकर तथा कॉपी-कलम भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोनवर्षा पूर्वी के बीडीसी प्रतिनिधि सह पूर्व उपप्रमुख दिनेश सिंह ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि मेधा छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर छात्राओं को न केवल आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार सिंह ने भी इस उपलब्धि पर छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि चयनित छात्राएं अब प्रखंड के किसी भी हाई स्कूल में कक्षा 9 में नामांकन लेकर अपनी आगे की शिक्षा जारी रख सकती हैं। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय परिवार हमेशा छात्राओं के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

इस कार्यक्रम ने न केवल छात्राओं को सम्मानित किया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश दिया। मौके पर मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर गर्व जताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह में शिक्षक उपेंद्र ठाकुर, सरिता कुमारी, सीमा रानी, राजेश कुमार पाण्डेय, मित्रसेन यादव, संतोष कुमार गुप्ता एवं मो. असलम परवेज अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।