जिला नियोजनालय बक्सर में स्टडी किट योजना के लिए आवेदन आमंत्रित, प्रतियोगी परीक्षार्थियों को मिलेगा निःशुल्क लाभ

जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित स्टडी किट योजना के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह योजना पूर्णतः निःशुल्क है, जिसका उद्देश्य जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता प्रदान करना है।

जिला नियोजनालय बक्सर में स्टडी किट योजना के लिए आवेदन आमंत्रित, प्रतियोगी परीक्षार्थियों को मिलेगा निःशुल्क लाभ

केटी न्यूज/बक्सर

जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित स्टडी किट योजना के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह योजना पूर्णतः निःशुल्क है, जिसका उद्देश्य जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता प्रदान करना है।इस योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली, बिहार लोक सेवा आयोग, पटना सहित अन्य विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को स्टडी किट उपलब्ध कराई जाएगी।

स्टडी किट में प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित आवश्यक पुस्तकें, नोट्स, डायरी, मानचित्र, कलम सहित अन्य अध्ययन सामग्री शामिल होगी, जिससे अभ्यर्थियों को तैयारी में सुविधा मिल सके।योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में न्यूनतम छह माह का निबंधन होना अनिवार्य है। साथ ही सरकारी सेवा में रिक्त पदों के विरुद्ध आवेदन किए जाने का साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा। आवेदक की आयु सीमा सरकारी सेवा के मापदंडों के अनुसार 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त आवेदक बिहार राज्य का निवासी हो तथा वार्षिक पारिवारिक आय तीन लाख रुपये से अधिक न हो।शैक्षणिक योग्यता परीक्षा के अनुसार मान्य होना आवश्यक है।

लाभुकों के चयन में दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।हालांकि, पूर्व में स्टडी किट अथवा टूल किट का लाभ प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस योजना के पात्र नहीं होंगे।जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणय प्रतीक ने जिले के सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे सरकारी आईटीआई, चरित्रवन बक्सर स्थित जिला नियोजनालय में अपना आवेदन पत्र जमा करें। उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के दो सप्ताह के भीतर सभी पात्र अभ्यर्थियों को स्टडी किट उपलब्ध करा दी जाएगी। यह योजना जिले के युवाओं के लिए सरकारी सेवा के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।