कमल नगर को जलजमाव से मिलेगी राहत, टूटी नाली की मरम्मत तेज
डुमरांव नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 अंतर्गत कमल नगर मोहल्ले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। महाराजा पेट्रोल पंप के सामने टूटी नाली और क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस कार्य के पूर्ण होते ही मोहल्ले में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की गंभीर समस्या से लोगों को निजात मिलने की उम्मीद है।
-- वार्ड पार्षद अनु देवी के प्रयास से महाराजा पेट्रोल पंप के सामने वर्षों पुरानी समस्या का समाधान शुरू
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 अंतर्गत कमल नगर मोहल्ले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। महाराजा पेट्रोल पंप के सामने टूटी नाली और क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस कार्य के पूर्ण होते ही मोहल्ले में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की गंभीर समस्या से लोगों को निजात मिलने की उम्मीद है।बताया जाता है कि महाराजा पेट्रोल पंप के सामने नाली के ऊपर बना स्लैब भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण टूट गया था। स्लैब का मलबा नाली में गिर जाने से पानी का बहाव पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। नतीजतन, नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों और गलियों में फैलने लगा, जिससे कमल नगर मोहल्ला जलजमाव की चपेट में आ गया।

-- छह महीने से परेशान थे लोग
जल निकासी बाधित होने के कारण मोहल्ले से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली गली में पिछले छह महीने से अधिक समय से पानी जमा था। इससे स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, शॉर्टकट के रूप में इस रास्ते का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के लिए भी यह मार्ग परेशानी का सबब बना हुआ था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी।

-- वार्ड पार्षद ने दिखाई सक्रियता
मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद अनु देवी ने इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। उनकी पहल पर नगर परिषद द्वारा टूटी नाली और स्लैब की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया, जो फिलहाल तेजी से प्रगति पर है।

-- बोली वार्ड पार्षद समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता
इस संबंध में वार्ड पार्षद अनु देवी तथा उनके प्रतिनिधि रितेश कुमार सिंह उर्फ भुटेली सिंह ने बताया कि वार्ड के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि वार्ड 18 की सभी सड़कें और नालियां दुरुस्त हों। आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।’’स्थानीय लोगों ने भी मरम्मत कार्य शुरू होने पर संतोष जताया है और उम्मीद की है कि काम जल्द पूरा होगा, जिससे कमल नगर मोहल्ला जलजमाव की समस्या से हमेशा के लिए मुक्त हो सकेगा।

