सर्वजन सुखाय व सर्वजन हिताय के लिए बसपा को विजयी बनाएं - मायावती

सर्वजन सुखाय व सर्वजन हिताय के लिए बसपा को विजयी बनाएं - मायावती

- बसपा सुप्रिमो ने बक्सर में चुनावी सभा को किया संबोधित, बोली ईवीएम में गड़बड़ी नहीं हुई तो भाजपा का सत्ता में लौटना मुश्किल

केटी न्यूज/बक्सर

बसपा सर्वजन सुखाय व सर्वजन हिताय की सोंच रखती है। इस सोंच के साथ ही इस बार बसपा चुनावी मैदान में अकेले उतरी है। उक्त बातें बसपा सुप्रिमो तथा यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मयावती ने बक्सर मंे चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। वे बक्सर के आईटीआई मैदान में अपने पार्टी प्रत्याशी अनिल चौधरी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थी। बसपा सुप्रिमो ने कहा कि यदि इवीएम में गड़बड़ी नहीं हुई तो भाजपा की सरकार का सत्ता में वापस लौटना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की जुमलेबाजी व नाटकबाजी समझ चुकी है।

उन्होंने भाजपा को जातिवादी, पूंजीवादी व सांप्रदायिक पार्टी बताया और कहा कि कांग्रेस की तरह भाजपा-आरएसएस की सरकार गरीबी, महंगाई व भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में विफल है। उन्होंने कांग्रेस तथा उनके सहयोगी पार्टियों पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि आजादी के बाद से करीब 60 वर्षों तक देश तथा अधिकत्तर राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रही है। लेकिन, दलितों व पिछड़ों का विकास नहीं कर सकी। मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को ज्योतिबा फुले, बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर और कांशीराम के सपनों का देश बनाने के लिए सभी को एकजुट बसपा के पक्ष में मतदान करने की जरूरत है।

उन्होंने केन्द्र द्वारा बांटे जा रहे मुफ्त राशन योजना पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि इससे गरीबों का भला होने वाला नहीं है, बल्कि यह जनता के टैक्स के पैसों से ही दिया जा रहा है और केन्द्र सरकार इसे चुनावी मुद्दा बना लोगों को बहलाने का काम कर रही है। उन्होंने लोगों को बीजेपी और आरएसएस के बहकावे में नहीं आने की अपील की। बसपा सुप्रीमो ने जनता को चुनाव में प्रलोभन देकर शोषण और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एनडीए व इंडी दोनों गठबंधनों पर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे केा उठाते हुए कहा कि हर हाथ को रोजगार मिलने से ही

देश की समस्या दूर होगी तथा देश विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी यूपी के तर्ज पर केंद्र में सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के तर्ज पर देश चलाएगी। सभा की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो व संचालन राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने किया। जनसभा को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो, बक्सर लोकसभा प्रत्याशी अनिल कुमार, प्रदेश महासचिव अमर आजाद, अभिमन्यु कुशवाहा, पूर्व विधायक अंबिका यादव आदि ने संबोधित किया। मौके पर बसपा के राज्य व जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ ही हजारों की भीड़ मौजूद थी।