21 जून को चौसा थर्मल पॉवर प्लांट का घेराव करेंगे संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य

संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले पिछले तीन साल से आंदोलन कर रहे चौसा के किसान एक बार फिर से अपने आंदोलन को धार देंगे। वे 21 जून को चौसा थर्मल पॉवर प्लांट का घेराव करेंगे। इस दौरान उनकी हौसला अफजाई के लिए राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता राकेश टिकैत, स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह समेत कई अन्य चर्चित किसान नेता मौजूद रहेंगे। बनारपुर में आयोजित किसान पंचायत में बिहार संयुक्त किसान मोर्चा ने इसकी जानकारी दी है।

21 जून को चौसा थर्मल पॉवर प्लांट का घेराव करेंगे संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य

- राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता राकेश टिकैत व सांसद समेत कई किसान नेता होंगे शामिल, तैयारी में जुटा मोर्चा

केटी न्यूज/चौसा 

संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले पिछले तीन साल से आंदोलन कर रहे चौसा के किसान एक बार फिर से अपने आंदोलन को धार देंगे। वे 21 जून को चौसा थर्मल पॉवर प्लांट का घेराव करेंगे। इस दौरान उनकी हौसला अफजाई के लिए राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता राकेश टिकैत, स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह समेत कई अन्य चर्चित किसान नेता मौजूद रहेंगे। बनारपुर में आयोजित किसान पंचायत में बिहार संयुक्त किसान मोर्चा ने इसकी जानकारी दी है।

पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि चौसा का आंदोलन बिहार ही नहीं, पूरे देश के किसानों के लिए प्रेरणा बन गया है। उन्होंने चौसा थर्मल प्रबंधन और जिला प्रशासन पर आंदोलन को कुचलने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि चौसा के किसान झुकने वाले नहीं है। किसान-मजदूर अब और मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।

वहीं, बिहार राज्य दूध उत्पादक संघ के अध्यक्ष अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि चौसा की जीत ने पूरे बिहार के किसान-मजदूरों में नई ऊर्जा भर दी है। उन्होंने चौसा थर्मल प्रबंधन की वादा खिलाफी और प्रशासन द्वारा किसान नेताओं पर किए गए झूठे मुकदमों की कड़ी निंदा की और सरकार से इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेताया कि अगर सरकार ने किसानों की मांगें नहीं मानीं तो आने वाले चुनाव में जवाब मिलेगा।

किसान पंचायत में सर्वसम्मति से 21 जून को चौसा थर्मल पर ऐतिहासिक धरना देने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के साथ ही मोर्चा के नेता इस घेराव को सफल बनाने के लिए प्रचार प्रसार व रणनीति बनाने में जुट गए है।