बच्चा जन्म देने के बाद पहली बार मां बनी प्रसूता की मौत, मचा कोहराम

बच्चा जन्म देने के बाद पहली बार मां बनी प्रसूता की मौत, मचा कोहराम

जगदीशपुर के सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने के बाद किया गया था रेफर 

केटी न्यूज/आरा

जिले के जगदीशपुर स्थित सरकारी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। प्रसव के बाद जब उसकी स्थिति गंभीर होने लगी, तो उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृत महिला बड़हरा थाना क्षेत्र के सिन्हा गांव निवासी अफजल आलम की पत्नी नाजनी खातून थी।

बताया गया कि उसकी शादी तीन साल पहले हुई और वो पहली बार मां बनी थी। मृतका की मां सहीना खातून ने बताया कि उसे प्रसव होने वाला था। उसके कारण वह कुछ महीनों से मायके में रह रही थी। रविवार की सुबह उसे अचानक प्रसव का दर्द होने लगा। तब प्रसव के लिए उसे जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया।

वहां मौजूद चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उसका प्रसव कराया गया और उसे बेटा पैदा हुआ। उसके बाद उसकी हालत काफी बिगड़ गई। उस पर डाक्टरों द्वारा उसे बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल लाये जाने पर डाक्टरों ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन  बिना

पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर चले गए। हालांकि मां सहीना खातून द्वारा जगदीशपुर रेफरल अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों पर किसी भी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है। बताया जा रहा है कि नाजनी खातून की शादी वर्ष 2020 में 23 अप्रैल को हुई थी। वह पहली बार मां बनी थी। ऐसे में उसके घर में खुशी का माहौल था, लेकिन प्रसूता महिला की मौत से खुशी गम में बदल गई। वहीं दुधमुंहे बच्चे के सिर से मां का आंचल भी उठ गया।