मातृ दिवस समारोह में झलकी ममता, संस्कृति और उत्साह की अनूठी छटा

संत जान सेकेंडरी स्कूल में रविवार को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी “मातृ दिवस समारोह 2026” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

मातृ दिवस समारोह में झलकी ममता, संस्कृति और उत्साह की अनूठी छटा

केटी न्यूज/बक्सर

संत जान सेकेंडरी स्कूल में रविवार को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी “मातृ दिवस समारोह 2026” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत माताओं के पुष्प स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मां हमारे जीवन की प्रथम गुरु होती हैं, जिनके स्नेह, त्याग और संस्कार से बच्चों का व्यक्तित्व आकार लेता है। मां के योगदान को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य, संगीत, अभिनय, कविता पाठ एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपनी श्रद्धा और प्रेम व्यक्त किया। कई प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक भी कर दिया।समारोह को रोचक बनाने के लिए माताओं के बीच विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नॉन फायर कुकिंग, साड़ी ड्रेपिंग, ब्रेड रोलिंग, म्यूजिकल कुर्सी, नो योर मदर एवं बैलून बस्ट जैसे खेलों में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान माताओं का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।

विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और बच्चों के बीच आत्मीय जुड़ाव की सुंदर झलक देखने को मिली।विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों और अभिभावकों के रिश्तों को मजबूत बनाते हैं, बल्कि परिवार और संस्कारों के महत्व को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक उत्साह के साथ हुआ।