तीन साल के मासूम की हत्या कुएं से मिला शव

तीन साल के मासूम की हत्या कुएं से मिला शव

-भोजपुर में दो दिन पहले लापता हुए तीन साल मासूम 

- परिजनों का पूर्व के जमीन विवाद में बच्चे को अगवा कर हत्या करने का आरोप 

- शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की छानबीन में जुटी पुलिस 

- पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि कैसे की गयी हत्या 

केटी न्यूज/आरा

जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मैना टोला गांव में दो रोज से लापता तीन साल के मासूम की हत्या कर दी गयी। उसका शव गुरुवार की शाम गांव के बधार स्थित कुएं से बरामद किया गया।‌ मृत बच्चा मैना टोला गांव निवासी मदन सिंह का पुत्र लवकुश कुमार था। वह मंगलवार की शाम से ही लापता था। इधर, देर शाम बच्चे का शव मिलने से गांव में सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बच्चे का पिता मदन सिंह द्वारा गांव के ही कुछ लोगों पर पूर्व के जमीन विवाद में बच्चे को अगवा कर हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस भी हत्या मान कर चल रही है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले मे एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। बच्चे की हत्या कर शव को कुएं मे फेंके जाने की बात सामने आ रही है। परिजनों की ओर से पूर्व के जमीन विवाद में हत्या किये जाने का आरोप लगाया जा रहा है। हर एंगल से जांच की जा रही है। आरोपितों की धरपकड़ को लेकर छापेमारी भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद क्लीयर हो सकेगा कि हत्या कैसे की गयी है। 

खेलने के दौरान घर के बाहर से गायब हो गया था बच्चा 

बताया जा रहा है कि मैना टोला निवासी तीन साल का लवकुश मंगलवार को शाम करीब 4 बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान वह अचानक गायब हो गया। देर तक वह नहीं लौटा, तो खोजबीन शुरू की गयी। लेकिन कहीं पता नहीं चला। उसके बाद थाने को सूचना दी गयी और अपहरण का केस किया गया। उस आधार पर पुलिस द्वारा भी खोजबीन की गयी। उसके बावजूद उसका कहीं पता नहीं चला। गुरुवार की शाम गांव के लोग बधार की ओर जा रहे थे। तभी कुएं में एक बच्चे के शव को तैरते देखा। सूचना मिलने पर बच्चे के परिजन पहुंचे। पुलिस भी पहुंची और शव कुएं से बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव का माहौल गमगीन हो गया है। तनाव भी बढ़ गया है। 

दो भाइयों में सबसे छोटा था लवकुश, घर में मचा कोहराम 

इधर, लवकुश का शव मिलने से घर में कोहराम मच गया है। मंगलवार की शाम बच्चे के लापता होने के बाद से ही घर का माहौल गमगीन बना हुआ था। ऐसे में गुरुवार की शाम शव मिलते ही रोना-धोना मच गया। बेटे के वियोग में मां ललिता देवी बेहाल थी। बताया जा रहा है कि मासूम लवकुश दो भाइयों में सबसे छोटा था। 6 वर्षीय बड़ा भाई का नाम रवि कुमार है। घटना के बाद मृतक की मां ललिता देवी, चाचा ददन सिंह सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने बेटे की मौत के गम में पिता मदन सिंह और मां ललिता देवी के आंखों से आंसू ही सूख गया था।