एनएच-922 पर नीलगाय बनी हादसे की वजह, बाइक सवार दो युवक घायल

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रविवार की शाम अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव के समीप हुई।

एनएच-922 पर नीलगाय बनी हादसे की वजह, बाइक सवार दो युवक घायल

--एक की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म :

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रविवार की शाम अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव के समीप हुई।घायलों की पहचान डुमरांव निवासी 28 वर्षीय विवेक कुमार और 30 वर्षीय धर्मपाल कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक कृष्णाब्रह्म बाजार से खरीदारी कर एक ही बाइक से अपने घर डुमरांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़का ढकाइच गांव के पास अचानक एक नीलगाय तेज गति से सड़क पर आ गई।

उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य साधनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद विवेक कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, जबकि धर्मपाल कुमार का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-922 पर आए दिन जंगली जानवरों के अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।