भटके युवक को पुलिस ने मिलाया परिवार से, दोनों थानों की तत्परता से मिली राहत

नया भोजपुर थाना पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल से भटक रहे एक युवक को सुरक्षित उसके परिवार से मिला दिया गया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रास्ता भटककर पुराना भोजपुर क्षेत्र में पहुंच गया था। पुलिस की तत्परता से समय रहते उसे संरक्षण में लेकर परिजनों तक पहुंचा दिया गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।

भटके युवक को पुलिस ने मिलाया परिवार से, दोनों थानों की तत्परता से मिली राहत

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल से भटक रहे एक युवक को सुरक्षित उसके परिवार से मिला दिया गया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रास्ता भटककर पुराना भोजपुर क्षेत्र में पहुंच गया था। पुलिस की तत्परता से समय रहते उसे संरक्षण में लेकर परिजनों तक पहुंचा दिया गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।जानकारी के अनुसार नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को सूचना मिली कि पुराना भोजपुर इलाके में एक युवक इधर-उधर भटक रहा है और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने गश्ती दल को मौके पर भेजा।

पुलिस टीम ने युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसे नया भोजपुर थाना लाया।थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम गोबिंद कुमार, पिता हरिशंकर सिंह तथा अपना गांव चंदा भरियार बताया। युवक की बताई गई जानकारी के आधार पर नया भोजपुर थाना पुलिस ने चक्की थाना से संपर्क किया। इसके बाद चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार के माध्यम से युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी गई।पुलिस की पहल के बाद परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया। इसके बाद चक्की थाना पुलिस के सहयोग से गोबिंद कुमार को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बेटे को सकुशल देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की इस संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया।परिजनों के अनुसार गोबिंद कुमार की मानसिक स्थिति कुछ समय पहले हुई एक दुर्घटना के बाद प्रभावित हो गई थी। बताया जाता है कि वह ट्रेन से गिर गया था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसी घटना के बाद से वह कई बार घर से निकलकर भटक जाता है।स्थानीय लोगों ने भी नया भोजपुर और चक्की थाना पुलिस की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से एक परिवार को बड़ी परेशानी से राहत मिली है।