बक्सर में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की सख्ती
जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।


__ कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी, 1298 शिकायतों का हुआ निष्पादन
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।जिले में इंडियन ऑयल के 2 लाख 2 हजार 360, भारत पेट्रोलियम के 57 हजार 517 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 90 हजार 668 घरेलू उपभोक्ता हैं। 13 मार्च 2026 से 10 मई 2026 तक कुल 2 लाख 68 हजार 785 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है। वहीं 10 मई तक एजेंसियों के पास 6 हजार 683 सिलेंडर का भंडार उपलब्ध था।

प्रशासन के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन 6 हजार 419 सिलेंडरों की मांग है, जबकि प्रतिदिन 5 हजार 570 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 24 हजार 686 गैस बुकिंग लंबित हैं तथा लगभग साढ़े चार दिनों का बैकलॉग बना हुआ है।गैस वितरण को व्यवस्थित रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कराने की अनुमति दी गई है। जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अब तक कालाबाजारी से जुड़े दो मामले दर्ज किए जा चुके हैं।10 मई को पांच गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। जिला प्रशासन द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष में अब तक 1299 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 1298 का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है।

गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए आम लोग दूरभाष संख्या 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं।प्रवासी मजदूरों के लिए पांच किलोग्राम वाले मुक्त व्यापार एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं विवाह एवं श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक गैस उपलब्ध कराने हेतु अनुमंडल कार्यालयों में आवेदन लिए जा रहे हैं। बक्सर अनुमंडल में अब तक 649 तथा डुमरांव अनुमंडल में 517 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिला पदाधिकारी लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों एवं तेल कंपनियों के साथ समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

