डुमरांव स्टेशन पर प्यासे यात्रियों को राहत, ‘शीतल जल सेवा’ का शुभारंभ

गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों के लिए राहत भरी पहल की गई है। रुद्रसागर सेवा संस्थान द्वारा यहां निशुल्क ‘शीतल जल सेवा’ की औपचारिक शुरुआत की गई, जिससे रोजाना गुजरने वाले सैकड़ों यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

डुमरांव स्टेशन पर प्यासे यात्रियों को राहत, ‘शीतल जल सेवा’ का शुभारंभ

__ 18 वर्षों से जारी सेवा को मिला नया विस्तार, अब आरओ आधारित शुद्ध पानी की सुविधा

केटी न्यूज/डुमरांव

गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास यात्रियों के लिए राहत भरी पहल की गई है। रुद्रसागर सेवा संस्थान द्वारा यहां निशुल्क ‘शीतल जल सेवा’ की औपचारिक शुरुआत की गई, जिससे रोजाना गुजरने वाले सैकड़ों यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।कार्यक्रम का उद्घाटन बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है और जब यह कार्य संस्कारों के साथ किया जाए, तो उसका महत्व और बढ़ जाता है।

उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और जरूरतमंदों को सीधे लाभ पहुंचाती है।संस्थान के सदस्यों ने बताया कि रुद्रसागर सेवा संस्थान वर्ष 2007 से ही लगातार यात्रियों को मुफ्त शीतल जल उपलब्ध कराता आ रहा है। समय के साथ सेवा को और बेहतर बनाते हुए अब यहां आरओ आधारित शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सुरक्षित पेयजल मिल सके। खासकर कोविड-19 महामारी के बाद स्वच्छता और शुद्ध पानी की आवश्यकता को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

उद्घाटन समारोह में सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। इनमें संस्थान के सचिव रविशंकर चौबे, मानवाधिकार संरक्षण प्रतिष्ठान के जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, वरीय सदस्य बालकृष्ण चौबे, समाजसेवी राजीव रंजन सिंह, जदयू नेता विनोद राय, विनय मिश्रा, संजय चौबे, साधु सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में यह सेवा यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। संस्था के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा के कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।