बेलगाम ट्रक और बाइक की ठोकर से रिटायर दारोगा की मौत, सिपाही भाई जख्मी

बेलगाम ट्रक और बाइक की ठोकर से रिटायर दारोगा की मौत, सिपाही भाई जख्मी

हादसे में आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर की सड़क जाम

केटी न्यूज/आरा

भोजपुर में बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर पीरो थाना क्षेत्र के केशवा और अवरैया टोला गांव के बीच शनिवार की सुबह बेलगाम ट्रक ने एक बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। उसमें शादी समारोह से लौट रहे रिटायर दारोगा की मौत हो गई। हादसे में उनके भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनका इलाज पीरो स्थित अस्पताल में कराया जा रहा है। मृत दारोगा धनगाई थाना क्षेत्र के महुरही गांव निवासी 61 वर्षीय कामेश्वर सिंह थे।

वह 2023 बिहिया थाना से रिटायर हुए थे। जख्मी भाई जनेश्वर सिंह हैं। वह शाहपुर थाना में सिपाही हैं। उधर, घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीण ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे को लेकर सड़क पर उतर गये। ग्रामीणों ने शव के साथ केशवा और अवरैया टोला गांव के बीच ढाबा के पास सड़क जाम कर दिया। उसबे करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहा।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और समझा कर लोगों को शांत कराया। उसके बाद आवागमन सुचारू रूप से चालू हुआ। तब पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। दारोगा के भतीजे चंदन कुमार ने बताया कि उसके ननिहाल में शादी थे। उसमें उसके पिता और चाचा बाइक से उस शादी में भाग लेने गुरुवार शाम पीरो थाना क्षेत्र के उडनडीह गांव गए।

शुक्रवार की सुबह दोनों भाई बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। तभी केशवा और अवरैया टोला गांव के बीच स्थित ढाबा के समीप अज्ञात बेलगाम ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके चाचा रिटायर दारोगा कामेश्वर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी और पीछे बैठे उसके पिता जनेश्वर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। 

रिटायरमेंट के एक साल के बाद सड़क हादसे में मौत घर में मचा कोहराम 

पुलिस सेवा से रिटायरमेंट के एक साल बाद ही दारोगा कामेश्वर सिंह की तेज रफ्तार के शिकार हो गये। बताया जा रहा है कि रिटायर दारोगा चार भाई और चार बहनों में दूसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी रामसती देवी, पुत्र विशाल कुमार,अभिषेक कुमार, पुत्री अंजू कुमारी और रितु कुमारी है। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है।  पत्नी रामसती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।