भाजपा प्रवक्ता की टिप्पणी पर राजद ने जताई कड़ी आपत्ति
भाजपा प्रवक्ता दीपक पांडेय द्वारा बक्सर सांसद व राजद नेता सुधाकर सिंह पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने इस संबंध में जारी बयान में कहा कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह के प्रति की गई टिप्पणी अनुचित और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों को बयान देते समय संयम और शालीनता का ध्यान रखना चाहिए।
-- जिला अध्यक्ष ने सांसद सुधाकर सिंह के समर्थन में बयान जारी कर संयमित भाषा के प्रयोग की दी नसीहत
केटी न्यूज/बक्सर
भाजपा प्रवक्ता दीपक पांडेय द्वारा बक्सर सांसद व राजद नेता सुधाकर सिंह पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने इस संबंध में जारी बयान में कहा कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह के प्रति की गई टिप्पणी अनुचित और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों को बयान देते समय संयम और शालीनता का ध्यान रखना चाहिए।जिलाध्यक्ष ने कहा कि सांसद के बारे में की गई इस प्रकार की टिप्पणियां लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा को प्रभावित करती हैं।

उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे राजनीतिक मतभेदों को मर्यादित भाषा और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के दायरे में रखते हुए व्यक्त करें। शेषनाथ सिंह ने कहा कि सांसद सुधाकर सिंह बक्सर संसदीय क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं और क्षेत्र के विकास व जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहते हैं।राजद नेता ने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा तथ्य और तर्क के आधार पर होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि के प्रति व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं माना जा सकता।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को एक-दूसरे के प्रति सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना चाहिए।

शेषनाथ सिंह ने कहा कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र की जनता ने सांसद सुधाकर सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है। ऐसे में जनप्रतिनिधि के बारे में अनावश्यक विवाद पैदा करने वाली टिप्पणियों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच विचारधारात्मक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन संवाद की भाषा हमेशा शालीन और सकारात्मक होनी चाहिए।राजद जिला अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस तरह की टिप्पणियों से परहेज किया जाएगा और सभी दल लोकतांत्रिक मूल्यों व मर्यादाओं का सम्मान करते हुए अपनी बात रखेंगे।

गौरतलब हो कि भाजपा प्रवक्ता दीपक पांडेय ने दो दिन पूर्व प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा था कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत संसदीय मंत्रालय से प्राप्त पत्र के अनुसार लोकसभा सांसदों को अपने संसदीय क्षेत्र में किसी भी विभाग के लिए किसी व्यक्ति को अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद सांसद सुधाकर सिंह द्वारा पत्रांक बीएक्सआर/138 दिनांक 28 दिसंबर 2024 के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर अरविंद कुमार सिंह को अपना प्राधिकृत सहयोगी नामित किया गया, जो गंभीर सवाल खड़े करता है।दीपक पांडेय ने आरोप लगाया था कि सांसद के कथित संरक्षण में अरविंद कुमार सिंह और उनके सहयोगी अजय सिंह शिक्षा विभाग में नियोजित शिक्षकों और अन्य कर्मियों से हर महीने अवैध वसूली करते हैं।

