एक घंटा के अंदर गिरफ्तार हुए राजपुर में युवक को गोली मारने वाले छह अपराधी

राजपुर पुलिस व अपराधियों में चूहा बिल्ली का खेल जारी है। पुलिस लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रही है। गुरूवार को थाना क्षेत्र के सिराढ़ पुल के पास बहुआरा के एक युवक को गोली मारने वाले छह अभियुक्तों को पुलिस ने घटना के एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने तीन रायफल, एक बंदूक, एक कट्टा, आठ जिंदा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया है।

एक घंटा के अंदर गिरफ्तार हुए राजपुर में युवक को गोली मारने वाले छह अपराधी

- तीन रायफल, एक बंदूक, एक कट्टा, आठ कारतूस व एक खोखा बरामद 

- एसपी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी जानकारी

केटी न्यूज/बक्सर

राजपुर पुलिस व अपराधियों में चूहा बिल्ली का खेल जारी है। पुलिस लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रही है। गुरूवार को थाना क्षेत्र के सिराढ़ पुल के पास बहुआरा के एक युवक को गोली मारने वाले छह अभियुक्तों को पुलिस ने घटना के एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने तीन रायफल, एक बंदूक, एक कट्टा, आठ जिंदा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया है। शुक्रवार को एसपी मनीष कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बहुआरा के लालमोहर सिंह व शिवशंकर सिंह के बीच नाली का विवाद चल रहा है। इसी विवाद में गुरूवार की दोपहर लालमोहर सिंह के पक्ष ने शिव शंकर सिंह के 32 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार सिंह को गोली मार जख्मी कर दिया गया था। इसकी सूचना मिलते ही तत्काल सदर डीएसपी धीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी करवाई गई। छापेमारी के दौरान ही घटना स्थल से कुछ दूर स्थित एक घर से इस वारदात में शामिल हरेराम सिंह के तीन पुत्रों रामदयाल सिंह, लालमोहर सिंह व रामाश्रय सिंह, रामदयाल सिंह के पुत्र संतोष सिंह तथा रामाश्रय सिंह के दो पुत्रों रंजीत कुमार व नीतेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।

उनके पास से तीन रायफल, एक बंदूक, एक कट्टा, आठ कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। बता दें कि गुरूवार की भरी दोपहरी पीराढ़ पुल के पास नामजदों ने शिवम सिंह को जान मारने की नियत से तीन गोली मारी थी।

लेकिन, संयोग से उसकी जान बच गई है। उन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम में सदर डीएसपी धीरज के अलावे राजपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार, धनसोई थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह, इटाढ़ी थानाध्यक्ष रविकांत प्रसाद के अलावे राजपुर थाने के पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल शामिल थे।

चिंताजनक स्थिति मे चल रहा है इलाज

इधर जख्मी शिवम सिंह का इलाज चिंताजनक स्थिति में बाराणसी के किसी अस्पताल मंें चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत स्थित बनी हुई है। वही इस घटना को ले परिजनों में गहरा आक्रोश है। घटना मंे शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी से परिजनों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। वही इस घटना के बाद से गांव में गुटीय तनाव व्याप्त है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। 

हाल के दिनों में सराहनीय रही है राजपुर पुलिस की भूमिका

हाल के दिनों में अपराध नियंत्रण के प्रति राजपुर पुलिस की भूमिका काफी सराहनीय रही है। बता दें कि पिछले एक पखवाड़े में राजपुर पुलिस ने कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही सफेदशपोशों व राजनेताओं तक को सलाखों के पीछे भेजा है। इसकी शुरूआत चार जुलाई को रामपुर गांव के पास यूपी व बिहार के कुख्यात अपराधकर्मी गुड्डु राय को उसके आधा दर्जन गुर्गों तथा हथियार के साथ गिरफ्तार कर हुई थी।

इसके बाद सात जुलाई को सैंथू गांव में जबरन जमीन पर कब्जा दिलाने गए पूर्व मंत्री छेदीलाल राम, एक मुखिया पति समेत पांच लोगों को पुलिस ने दो रायफल व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आठ जुलाई को सरेंजा एसबीआई से पैसा निकला घर जा रहे एक व्यक्ति से हुई 1.5 लाख रूपए के लूट में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के अंदर चार लूटेरों को राजपुुर के पास से गिरफ्तार किया।

फिर 18 जुलाई को सिसराढ़ पुल के पास नाली के विवाद में युवक को गोली मार जख्मी करने वाले छह अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से तीन रायफल, एक बंदूक व एक कट्टा तथा कारतूस व खोखा बरामद किया। जबकि 19 जुलाई को जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल तथा 15 हजार के ईनामी अपराधी अखिलेश चौधरी उर्फ प्रवीण राज को पुलिस ने सरेजा के पास से गिरफ्तार कर अपराधियों में दहशत कायम कर दिया है। पुलिस के त्वरित ऐक्शन तथा अपराधियों की गिरफ्तारी से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ गया है। 

कहते है एसपी

अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण का निर्देश दिया गया है। हालिया समय में राजपुर पुलिस की कार्यशैली काफी सराहनीय रही है। - मनीष कुमार, एसपी, बक्सर