एनडीए की जीत पर झूमे समर्थक, विपक्षियों ने कहा नीतीश का कोई ठीक नहीं

एनडीए की जीत पर झूमे समर्थक, विपक्षियों ने कहा नीतीश का कोई ठीक नहीं

- पूरे दिन टीवी से जुड़े रहे राजनैतिक दलों के लोग, पल पल के घटनाक्रम से हो रहे थे रूबरू

केटी न्यूज/बक्सर

फ्लोर टेस्ट पास होने के बाद बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बन गई है। इसके पहले सोमवार को पूरे दिन राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता टीवी पर पल पल का न्यूज देखते रहे। वही पटना में बैठे अपने बड़े नेताओं से संपर्क कर भी स्थिति की जानकारी ले रहे है। जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हुआ वैसे ही एनडीए समर्थकों के चेहरे खिल उठे, वही महागठबंधन वालों के चेहरे पर मायूसी छा गई थी। वही एनडीए सरकार के फ्लोर टेस्ट पास करते हुए एनडीए समर्थकों ने एक दूसरे को बधाई देनी शुरू कर दी, जबकि दूसरी तरफ महागठबंधन से जुड़े लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कोसते नजर आ रहे थे। इस संबंध में केशव टाइम्स ने राजनैतिक दलों की प्रतिक्रिया ली। पेश है रिपोर्ट

विनोद राय - जदयू के प्रदेश महासचिव विनोद राय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास की राजनीति में विश्वास करते है। महागठबंधन के साथ वे स्वतंत्रता पूर्वक काम नहीं कर पा रहे थे। एक बार फिर से बिहार में विकास की गति तेज होगी।

गोपाल प्रसाद गुप्ता - जदयू के नगर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता ने कहा कि राजद, कांग्रेस तथा अन्य सहयोगी दलों ने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सभी वर्गों व धर्मों को साथ लेकर चलने वाले है। जबकि राजद वंशवाद व जातिवाद की राजनीति करता है। ऐसे में राजद के साथ लंबे समय तक गठबंधन नहीं हो सकता है। मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार बिहार की जनता की पहली पसंद है।

विन्ध्याचल राय - भाजपा अधिवक्ता मंच के प्रदेश संयोजक विंध्याचल राय ने कहा कि 17 महीने के महागठबंधन की सरकार में एक बार फिर से मॉफियाराज व जंगलराज कायम हो गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भाजपा का बहुत पुराना संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि अब बिहार में मॉफिया राज नहीं चलेगा, बल्कि न्याय के साथ विकास होगा तथा 2024 में केन्द्र में एनडीए का कमल खिलेगा। 

ओमप्रकाश भुवन - भाजपा पंचायती राज मंच के प्रदेश संयोजक ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि पिछला विधानसभा चुनाव जदयू व भाजपा ने मिलकर लड़ा था। यही स्वभाविक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 17 महीनों में जंगलराज की यादें ताजा हो गई थी। एनडीए के नेतृत्व में ही बिहार का विकास संभव है। उन्होंने नई सरकार को बधाई दी।

रामजी सिंह यादव - राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव रामजी सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पाला बदलने की रफ्तार से गिरगिट भी शर्मा गया है। उनके इस निर्णय से उनके समजावाद का मुखौटा सबके सामने आ गया है। वे एक बार फिर से सांप्रदायिक ताकतों की गोद में जा बैठे है। उन्हें बिहार की जनता कफी मॉफ नहीं करेगी। 

 मनोज ठाकुर - राजद के प्रखंड अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने कहा कि नीतीश कुमार ने केन्द्र से नरेन्द्र मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया था, लेकिन आखिर कौन सी ऐसी नौबत आ गई कि वे कुछ महीनों में ही एक बार फिर से पाला बदल लिए। उन्होंने कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि वे फिर से पाला नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रइी जनता की नजरों में गिर चुके है। 

संजय शर्मा - माले नेता संजय शर्मा ने कहा कि नीतीश कुमार फांसीवादी ताकतों के आगे झुक गए है। लेकिन हमारा संघर्ष कभी कम नहीं होगा। मंदिर मस्जिद व धर्म के नाम पर देश को बांटने वालों तथा सत्ता के लिए पाला बदलने वालों को बिहार की जनता सबक सिखाएगी।