बक्सर शहीद स्मारक में शिलापट् पर अंकित हुए वीर शहीदों के नाम, सैनिक परिवारों में खुशी

बक्सर जिला के लिए यह क्षण गर्व और सम्मान से भरा रहा, जब बक्सर शहीद स्मारक में युद्ध में शहीद हुए वीर योद्धाओं के नाम शिलापट पर अंकित किए गए। यह कार्य बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है, जिसे प्रशासनिक तत्परता से धरातल पर उतारा गया। शिलापट के अनावरण के बाद न केवल शहीद स्मारक की शोभा बढ़ी है, बल्कि शहीदों के परिजनों और सैनिक समाज में भी गहरा संतोष देखने को मिला।

बक्सर शहीद स्मारक में शिलापट् पर अंकित हुए वीर शहीदों के नाम, सैनिक परिवारों में खुशी

-- आईईएसएम की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, प्रशासनिक पहल से स्मारक को मिला नया गौरव

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिला के लिए यह क्षण गर्व और सम्मान से भरा रहा, जब बक्सर शहीद स्मारक में युद्ध में शहीद हुए वीर योद्धाओं के नाम शिलापट पर अंकित किए गए। यह कार्य बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है, जिसे प्रशासनिक तत्परता से धरातल पर उतारा गया। शिलापट के अनावरण के बाद न केवल शहीद स्मारक की शोभा बढ़ी है, बल्कि शहीदों के परिजनों और सैनिक समाज में भी गहरा संतोष देखने को मिला।आईईएसएम बक्सर की ओर से लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि बक्सर शहीद स्मारक में जिले के शहीद सैनिकों के नाम स्थायी रूप से अंकित किए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान को याद रख सकें।

इस दिशा में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने युद्धस्तर पर पहल करते हुए पत्राचार के माध्यम से वन प्रमंडल पदाधिकारी भोजपुर, आरा प्रद्युम्न गौरव से संपर्क किया, जिसके बाद इस कार्य को मंजूरी मिली।इस महत्त्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में वन क्षेत्र पदाधिकारी बक्सर सुरेश कुमार, कमलदह पोखर पार्क प्रभारी अनु कुमारी सहित कई अधिकारियों और सामाजिक संगठनों का योगदान रहा। आईईएसएम बक्सर के चेयरमैन, शह मां मुंडेश्वरी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेजर पी. के. पांडेय, जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह समेत पूरी टीम ने इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

शिलापट् लगने के बाद शहीद स्मारक की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं। यह स्थान अब न केवल श्रद्धा और स्मरण का केंद्र है, बल्कि एक प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में भी पहचान बना रहा है। यहां प्रतिदिन लोग भ्रमण और नौकायन के लिए पहुंचते हैं। विशेष बात यह है कि हर सुबह बक्सरवासियों द्वारा यहां राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाता है, जिससे देशभक्ति की भावना और प्रबल होती है।आईईएसएम बक्सर के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने बताया कि शहीदों के नाम शिलापट पर अंकित होने से उनके परिवारों को मानसिक सुकून मिलेगा और उन्हें यह अहसास होगा कि समाज उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहीद परिवारों की हर संभव सहायता के लिए आईईएसएम बक्सर सदैव तत्पर खड़ा रहेगा।इस अवसर पर आईईएसएम बक्सर के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे, उप कोषाध्यक्ष पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, संयोजक सूबेदार रामनाथ सिंह, कमलदह पोखर पार्क प्रभारी अनु कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बक्सरवासियों ने इस पहल की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए इसे शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।