मेहनताना के 5 हजार रुपये बने आफत, युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मजदूरी कर लौट रहे एक मिस्त्री युवक को कथित तौर पर पैसे लूटने के इरादे से कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया और बंधक बनाकर बेरहमी से प्रताड़ित किया। पीड़ित के आरोपों के मुताबिक, उसके साथ ऐसी क्रूरता की गई कि सुनकर लोगों में आक्रोश फैल गया है।

मेहनताना के 5 हजार रुपये बने आफत, युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप

__ नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मिस्त्री के साथ हैवानियत, नाखून उखाड़ने और गर्म खुरपी से दागने का दावा; पुलिस ने शुरू की छापेमारी

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मजदूरी कर लौट रहे एक मिस्त्री युवक को कथित तौर पर पैसे लूटने के इरादे से कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया और बंधक बनाकर बेरहमी से प्रताड़ित किया। पीड़ित के आरोपों के मुताबिक, उसके साथ ऐसी क्रूरता की गई कि सुनकर लोगों में आक्रोश फैल गया है।पीड़ित की पहचान नया भोजपुर निवासी नौशाद कुरैशी, पिता फजल कुरैशी के रूप में हुई है। नौशाद पेशे से मिस्त्री का काम करता है। उसके अनुसार, रविवार दोपहर वह मजदूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसे मेहनताना के रूप में 5 हजार रुपये मिले थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दो नामजद युवकों समेत तीन-चार अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और रुपये छीनने की कोशिश की।

पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाकर एक सुनसान जगह पर बंधक बना लिया। इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई। नौशाद ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और यातना देने के लिए उसके नाखून तक उखाड़ दिए। साथ ही गर्म खुरपी से शरीर के कई हिस्सों पर दागने का भी आरोप लगाया गया है।घटना के बाद घायल अवस्था में नौशाद किसी तरह अपने घर पहुंचा, लेकिन डर और सदमे के कारण उसने परिजनों को तत्काल इसकी जानकारी नहीं दी। दर्द बढ़ने और हालत बिगड़ने के बाद सोमवार को उसने पूरी घटना अपने परिवार वालों को बताई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पीड़ित के बयान के आधार पर नया भोजपुर थाने में दो नामजद आरोपियों सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग इस तरह की वारदात पर चिंता जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।