सरेजा में 65 वर्षीय महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत, मचा हड़कंप
सरेजा गांव में रविवार की सुबह एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। सड़क किनारे पड़ी एक वृद्ध महिला की लाश ने न सिर्फ सनसनी फैलाई, बल्कि कई अनुत्तरित सवाल भी छोड़ दिए। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है, जहां ग्रामीणों ने सुबह टहलने के दौरान शव देख पुलिस को सूचना दी।
केटी न्यूज/बक्सर
सरेजा गांव में रविवार की सुबह एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। सड़क किनारे पड़ी एक वृद्ध महिला की लाश ने न सिर्फ सनसनी फैलाई, बल्कि कई अनुत्तरित सवाल भी छोड़ दिए। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है, जहां ग्रामीणों ने सुबह टहलने के दौरान शव देख पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की तो महिला के पास से एक झोला बरामद हुआ। झोले में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई। दस्तावेजों के अनुसार महिला की उम्र करीब 65 वर्ष बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दो दिनों से वह महिला इलाके में असामान्य अवस्था में भटकती नजर आई थी। वह कभी सड़क किनारे बैठी दिखती, तो कभी गांव की गलियों में इधर-उधर घूमती। किसी ने उससे बातचीत की कोशिश नहीं की, और न ही उसके परिजनों की जानकारी मिल सकी। अब वही महिला निर्जीव अवस्था में मिली है।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मौत या ठंड लगने से तबीयत बिगड़ने की आशंका से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस अन्य संभावनाओं से भी इनकार नहीं कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक वृद्ध महिला अपने घर से कई किलोमीटर दूर बक्सर जिले के इस गांव तक कैसे पहुंची? क्या वह रास्ता भटक गई थी, या फिर किसी वजह से घर छोड़कर निकली थी? क्या वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, या कहानी में कोई और परत छिपी है?फिलहाल पुलिस परिजनों से संपर्क साधने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। तब तक सरेजा गांव में यह मौत रहस्य और चर्चा का विषय बनी हुई है।

