पतंगों के संग उमंग का पर्व, बक्सर में भव्य मकर संक्रांति महोत्सव, संस्कृति, खेल, लोककला का अनूठा संगम
जिला प्रशासन बक्सर एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को सिपाही घाट, सेन्ट्रल जेल रोड स्थित गंगा तट पर पतंग महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव ने पूरे बक्सर को उत्सवधर्मी माहौल में रंग दिया। रंग-बिरंगी पतंगों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
-- सिपाही घाट पर रंग-बिरंगी पतंगों के बीच जिला प्रशासन ने रचा उत्सव का इतिहास
केटी न्यूज/बक्सर
जिला प्रशासन बक्सर एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को सिपाही घाट, सेन्ट्रल जेल रोड स्थित गंगा तट पर पतंग महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव ने पूरे बक्सर को उत्सवधर्मी माहौल में रंग दिया। रंग-बिरंगी पतंगों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं ने लोगों को खूब आकर्षित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उन्होंने समस्त बक्सर वासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का प्रतीक है, जो शुभता, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति को खिचड़ी पर्व के रूप में भी मनाया जाता है, जिसमें चूड़ा-दही, तिल, गुड़ से बने तिलकुट और तिलवा का विशेष महत्व है। इस दिन गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और आपसी भाईचारे की परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है।

-- संस्कृति की रंगीन छटा, कलाकारों ने मोहा मन
महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। एकल नृत्य, समूह नृत्य और मधुर गायन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिमा साक्षी का एकल नृत्य, ओमकार दुबे, रवि रंजन चौबे, मनीष कुमार पटेल, शुभम कुमार, पायल मलिक, सृष्टि कुमारी और सिद्धार्थ कुमार के गायन ने समां बांध दिया। वहीं राजेश कुमार सिंह, गुरुकुल डांस एकेडमी, हीरो जैक्सन लक्ष्य ग्रुप, एमपी उच्च विद्यालय एवं खेलो इंडिया से जुड़े समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने मंच पर ऊर्जा भर दी।

-- लोकल हैंडीक्राफ्ट और ‘मुक्ति आउटलेट’ बना आकर्षण
महोत्सव के दौरान बक्सर की पारंपरिक कलाकृतियों और हस्तशिल्प के स्टॉल भी लगाए गए। केंद्रीय कारा बक्सर के बंदियों द्वारा निर्मित खाद्य एवं अन्य उत्पादों को ‘मुक्ति आउटलेट’ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला और लोगों को जिले की रचनात्मक क्षमता से रूबरू होने का अवसर मिला।

-- खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
मकर संक्रांति महोत्सव को और जीवंत बनाने के लिए कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, रस्सा कस्सी, म्यूजिकल चेयर, बोरा दौड़, स्पून रेस और फ्लैशमोब डांस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। म्यूजिकल चेयर में सुमन कुमारी प्रथम और बंदना कुमारी द्वितीय रहीं। स्पून रेस, बोरा दौड़, खो-खो, हैंडबॉल और कबड्डी में विभिन्न टीमों एवं खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पुरस्कार अपने नाम किए।

-- प्रशासनिक सहभागिता ने बढ़ाई गरिमा
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।मकर संक्रांति के इस आयोजन को जिला प्रशासन ने बक्सरवासियों के लिए यादगार बनाने का संकल्प लिया। पतंगों, परंपराओं, खेल और संस्कृति के इस संगम ने न सिर्फ उत्सव का आनंद बढ़ाया, बल्कि बक्सर की पहचान को एक नई ऊंचाई भी।

