वीरपुर में दोस्तों के साथ नहाने के दौरान तालाब में डूबने से किशोर की मौत, पसरा मातम
मुरार थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर कब गहरे पानी में चला गया, इसका अंदाजा साथियों को भी नहीं लग सका। करीब ढाई घंटे बाद ग्रामीण गोताखोरों ने तालाब से उसका शव बाहर निकाला।


-- बुधवार सुबह की है घटना, हैदराबाद मंे मजदूरी करता है पिता, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
केटी न्यूज/चौगाईं
मुरार थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर कब गहरे पानी में चला गया, इसका अंदाजा साथियों को भी नहीं लग सका। करीब ढाई घंटे बाद ग्रामीण गोताखोरों ने तालाब से उसका शव बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान वीरपुर निवासी गुड्डु यादव के पुत्र अर्जुन यादव के रूप में की गई है। अर्जुन के पिता गुड्डु यादव फिलहाल हैदराबाद में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह हैदराबाद से गांव के लिए रवाना हो गए हैं।

बताया जाता है कि बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अर्जुन अपने चार-पांच दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। सभी बच्चे तालाब में मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान अर्जुन गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। आशंका जताई जा रही है कि पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। घटना की भनक उसके दोस्तों को भी नहीं लगी और वे नहाकर अपने-अपने घर लौट गए।काफी देर तक अर्जुन के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ी। घरवालों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने आशंका जताई कि वह तालाब में डूब गया होगा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जुट गई और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया।

करीब आधे घंटे तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने तालाब के गहरे हिस्से से अर्जुन का शव बाहर निकाला। शव बाहर आते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण किसी चमत्कार की उम्मीद में उसे आनन-फानन में उठाकर चौगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मितेन्द्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में मातम छा गया। मां और अन्य परिजनों की चीत्कार सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर ढांढस बंधाने में जुटे रहे।सूचना मिलते ही मुरार थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति शांत कराई तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तालाब में डूबने से किशोर की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा इस मामले में यूडी केस दर्ज किया जाएगा।घटना के बाद वीरपुर गांव में मायूसी का माहौल है। हादसे से सहमे ग्रामीण अब अपने बच्चों को तालाब के आसपास जाने से रोक रहे हैं। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बच्चे अक्सर तालाब में नहाने पहुंच जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।

