डुमरांव में अमन की दुआ के साथ धूमधाम से मनाया गया बकरीद का त्योहार

डुमरांव में अमन की दुआ के साथ धूमधाम से मनाया गया बकरीद का त्योहार

- ईदगाह सहित मस्जिदों में उमड़े नमाजी, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

केटी न्यूज/डुमरांव 

डुमरांव में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा त्याग और बलिदान का पर्व ईद उल अजहा यानी बकरीद का त्योहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थानीय  ईदगाह में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ बकरीद की नमाज पढ़ी। दरअसल, अहले सुबह से नये कपड़े पहन तथा इत्र लगा तैयार होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में पहुंचे और नमाज अदा की। उसके बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद उल अजहा त्योहार की बधाई दी।

इस दौरान बच्चे, युवा और बुजुर्गों में खासा उत्साह दिखा। वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का भी पुख्ता इंतजाम रहा है। मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन और शांति के लिए दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद कुर्बानी दी गई। नमाज अदा करने से पूर्व मुस्लिम समाज सुबह से ही नये-नये परिधान पहनकर और इत्र लगाकर ईदगाह और मस्जिदों में जमा होना शुरू हो गये। सबसे ज्यादा नमाजियों की चहलकदमी ईदगाह के तरफ़ होती रही।

शहर के हर मोहल्लों से नमाजी ईदगाह की ओर बढ़ रहे थे। नमाज के वक्त ईदगाह सहित शहर के सभी मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। इस दौरान मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन बंद रहा। एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी, थानाध्यक्ष शंभू  कुमार भगत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया सहित हर गतिविधियों पर नजर बनाये हुए थे।

इसके अलावे दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी विभिन्न मस्जिदों पर तैनात किये गये थे। साथ ही पुलिस गश्ती के अलावे चौक-चौराहे तथा नुक्कड़ों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, जो असमाजिक तत्वों पर अपनी पैनी निगाह रख रहे थे।

पुलिस बल की तैनाती में मनाई गई बकरीद पर्व 

केटी न्यूज/केसठ

कुर्बानी (समर्पण) का त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) सोमवार को प्रखंड क्षेत्र में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों व इमामबाड़ों में बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद बकरे की कुर्बानी का सिलसिला प्रारंभ हुआ कुर्बानी का यह सिलसिला दो दिन चलेगा। ईदगाहों एवं मस्जिदों में विशेष नमाज के लिए सुबह से लोगों की भीड़ जुटने लगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर त्योहार की मुबारकबाद दी।