स्विफ्ट में सवार बदमाशों की खुलेआम फायरिंग, पुलिस ने घेरकर दो को दबोचा,एक फरार
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्विफ्ट कार में सवार अपराधियों ने इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पीछा कर दो बदमाशों को मौके से दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी अफरातफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया।


-- सिसौंधा के पास दहशत फैलाने की कोशिश नाकाम, कार से लोडेड 9 एमएम पिस्टल और चार खोखे बरामद
-- डीएसपी ने खुद संभाली जांच की कमान, फरार आरोपी की तलाश तेज
केटी न्यूज/बक्सर
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्विफ्ट कार में सवार अपराधियों ने इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पीछा कर दो बदमाशों को मौके से दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी अफरातफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया।घटना सिसौंधा गांव के पास की है, जहां स्थानीय लोगों ने अचानक गोलियों की आवाज सुनी। इससे इलाके में दहशत फैल गई। इसी बीच धनसोई पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध स्विफ्ट कार में सवार अपराधी फायरिंग करते हुए गुजर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार ने बिना देर किए टीम के साथ इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही कार सवार बदमाशों में भगदड़ मच गई। वे गाड़ी को सड़क किनारे छोड़कर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान श्याम कुमार उर्फ लड्डू यादव और गोलू कुमार के रूप में हुई है, जो सिसौंधा टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक लोडेड 9 एमएम पिस्टल बरामद हुई, जो इस बात की पुष्टि करती है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास से चार खाली खोखे भी मिले हैं, जिससे साफ है कि फायरिंग की घटना वास्तविक थी और इलाके में डर का माहौल बनाने की कोशिश की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी गौरव कुमार पांडेय खुद धनसोई थाना पहुंचे और पूरे मामले की कमान संभाली। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और रात में गश्त भी तेज कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।फिलहाल पुलिस इस मामले को संगठित अपराध के एंगल से भी जांच रही है, ताकि यह साफ हो सके कि फायरिंग के पीछे असली मकसद क्या था सिर्फ दहशत फैलाना या अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में लगे थे।

