तेज रफ्तार का कहर: सब्जी मंडी के पास हादसे में तीन किशोर घायल
थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है। चौसा–कोचस मुख्य पथ पर राजपुर सब्जी मंडी के समीप बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

__ अज्ञात वाहन चालक फरार, एक की हालत गंभीर होने पर बक्सर रेफर
केटी न्यूज/राजपुर :-
थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है। चौसा–कोचस मुख्य पथ पर राजपुर सब्जी मंडी के समीप बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार हरपुर पंचायत के पिपराढ़ गांव निवासी अनमोल कुमार, अनूप कुमार और शैलेश कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर राजपुर आए थे।

काम खत्म कर जैसे ही वे सब्जी मंडी के पास से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार अनमोल कुमार की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया गया।

वहीं अन्य दो किशोरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।घटना के बाद पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

