ब्रह्मपुर में विकास की मांग पर अड़ा धरना, चौथे दिन भी जारी आंदोलन
ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याओं को लेकर राजद कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी रहा। बलुआ बाजार स्थित निमेज पुल के पास आयोजित इस आंदोलन की अध्यक्षता पूर्व मुखिया संतोष यादव ने की, जबकि संचालन बिहारी यादव ने किया।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

धरना स्थल पर वक्ताओं ने आरोप लगाया कि ब्रह्मपुर क्षेत्र को सरकार ने पूरी तरह उपेक्षित कर रखा है। उन्होंने कहा कि नैनीजोर पंचायत से लेकर सिमरी की नियाज़ीपर पंचायत तक बाढ़ प्रभावित इलाकों की जांच कर मुआवजा देना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन यहां राहत कार्य ठप पड़े हैं। वहीं, पड़ोसी भोजपुर जिले में तेजी से बाढ़ सहायता वितरित हो रही है।
नेताओं ने कहा कि किसानों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। धान की खेती सिंचाई के अभाव में बर्बादी की कगार पर है और उर्वरक की कालाबाजारी ने संकट को और गहरा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सिर्फ कागजों पर विकास दिखा रही है, जबकि जमीनी हकीकत बेहद निराशाजनक है।
धरना स्थल पर मौजूद नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरते हुए कहा कि 20 वर्षों की सत्ता के बावजूद वे बिहार को मूलभूत समस्याओं से उबार नहीं सके। आज किसान खेती बचाने को परेशान है, नौजवान रोजगार के लिए भटक रहा है और आम जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
आंदोलनकारियों ने 13 सूत्री मांगों को रखते हुए ऐलान किया कि जब तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल निर्माण और किसानों के लिए बिजली-उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक यह धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों की बढ़ती भागीदारी ने इस आंदोलन को मजबूती दी है और लोगों ने साफ कर दिया है कि अब वे अपने अधिकार की लड़ाई अंत तक लड़ेंगे।