लू लदे डंपर ने सड़क किनारे खड़ी जेठानी व देवरानी को रौंदा, दोनों की मौत

एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी जेठानी और देवरानी को रौंद दिया।

लू लदे डंपर ने सड़क किनारे खड़ी जेठानी व देवरानी को रौंदा, दोनों की मौत
Accident
  • पीरो नगर के भागलपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास की रविवार की सुबह की घटना

 

  • सड़क किनारे खड़ी जेठानी-देवरानी को पीछे से कुचलते निकल गया बालू लदा डंपर

 

  • हादसे से आक्रोशित लोग सड़क पर उतरे, मुआवजे की मांग को किया रोड जाम

 

  • आक्रोशित लोगों द्वारा बांस-बल्ला लगा कर और टायर जलाकर किया गया प्रदर्शन

 

  • जाम के बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर करीब चार घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा आवागमन

 

  • एसडीओ और एसडीपीओ के आश्वासन पर शांत हुआ लोगों का गुस्सा

 

केटी न्यूज़/आरा

बिहिया बिहटा स्टेट हाइवे पर स्थित पीरो नगर परिषद के भागलपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के समीप रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी जेठानी और देवरानी को रौंद दिया। उसमें दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि दोनों महिलाएं उसमें फंस कर कुछ दूर तक घसीटती चली गयी। उसमें दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गया था। इधर, हादसे के बाद चालक डंपर छोड़ भाग निकला।

मृत महिलाओं में पीरो थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पाठक गांव निवासी पिंटू कुमार साह की 45 वर्षीया पत्नी सुशीला देवी व कमलेश साह की 36 वर्षीया पत्नी रिंकी देवी शामिल हैं। दोनों अपनी बहन की मौत के बाद मातमपुर्सी कर उसके ससुराल से लौट रही थी। इधर, हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित लोग मुआवजे और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर सड़क पर उतर गये। बांस-बल्ला लगा कर शव के साथ रोड जाम कर दिया गया। टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। लोग सुबह छह बजे से रात नो बजे तक बड़े वाहनों के लिए नो इंट्री लगाने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि स्टेट हाइवे पर चौबीस घंटे बालू लदे ट्रक सहित अन्य बड़े वाहन बेलगाम दौड़ते रहते हैं। उससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। जाम के कारण बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार एवं दरोगा विजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने में जुट गए, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीओ अनिल कुमार और एसडीपीओ राहुल कुमार सिंह के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। दोनों अफसरों द्वारा मुआवजे और नो इंट्री को लेकर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया। तब जाम हटवाया गया और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने डंपर और बाइक को जब्त कर लिया है।

 

बहन की मौत के बाद उसके ससुराल से मातमपुर्सी से लौट रही थी देवरानी और जेठानी, रास्ते में हुआ हादसा

इधर, जगदीशपुर पाठक गांव निवासी मधेश्वर साह ने बताया कि उनकी छोटी बहू रिंकी देवी की बहन की चार दिन पहले मृत्यु हो गई थी। उसे लेकर वह मातमपुर्सी में अपनी जेठानी सुशीला देवी के साथ शनिवार को बहन के ससुराल गड़हनी थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव गई थी। रविवार की सुबह दोनों अजीत कुमार साथ बाइक से अपने गांव लौट रही थी। उस दौरान दोनों भागलपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के समीप बाइक से उतर सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से आ रहे बेलगाम डंपर ने जेठानी और देवरानी को रौंद दिया। उसमें दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई।

 

पब्लिक ने पकड़ा, तो हथियार दिखा कर भाग निकला डंपर का चालक

मधेश्वर साह ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा डंपर चालक को पकड़ने का प्रयास किया गया। तब चालक हथियार दिखाकर भाग गया। उससे लोगों का गुस्सा पूरी तरह भड़क उठा। घटना के बाद साथ रहे अजीत की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी।

देवरानी-जेठानी की एक साथ मौत से घर में मचा कोहराम

सड़क हादसे में एक साथ देवरानी और जेठानी की मौत से घर में कोहराम मच गया है। गांव का माहौल भी गमगीन हो उठा है। बताया जा रहा है कि सुशीला देवी को तीन पुत्र मुन्ना, अजीत और गोलू कुमार है। वहीं रिंकी देवी को पुत्र अभिषेक कुमार और पुत्री पूजा कुमारी है। दोनों की मौत से एक साथ पांच बच्चों से मां का प्यार छीन गया। घटना के बाद घर के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।