नप के ईओ के खिलाफ पूर्व वार्ड पार्षद धीरज ने किया सद्बुद्धि हवन यज्ञ

नप के ईओ के खिलाफ पूर्व वार्ड पार्षद धीरज ने किया सद्बुद्धि हवन यज्ञ
हवन करते पूर्व पार्षद व अन्य

- लोक शिकायत को कार्यपालक पदाधिकारी ने बनाया खिलवाड़

- पर्यावरण से खिलवाड़ तथा लोक शिकायत में झूठी जानकारी देने का लगाया आरोप 

केटी न्यूज/डुमरांव 

आम जनता की शिकायतों के त्वरीत निष्पादन व उन्हें जल्द न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक शिकायत निवारण की शुरूआत की थी। इसे न्यायालय की तरह शक्ति प्रदान करने की कोशिश की। परंतु उनके अधिकारी इसे मजाक बनाने में कोई चूक नहीं कर रहे है। इसका उदाहरण डुमरांव नगर परिषद के मनोज कुमार दे रहे हैं। शहर का वातावरण दूषित करने एवं अनुमंडलीय लोक शिकायत को गलत सूचना देकर कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार गुमराह कर न्याय को प्रभावित कर रहे है। उक्त बातें पूर्व वार्ड पार्षद धीरज कुमार ने कहीं। धीरज कुमार ने ईओ मनोज कुमार की सद्बुद्धि के लिए सद्बुद्धि हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। पूर्व वार्ड पार्षद धीरज कुमार द्वारा आयोजित सद्बुद्धि हवन यज्ञ में आहुति देने के लिए नगर के विभिन्न हिस्से से लोग एकत्रित हुए। लोगों ने कार्यपालक पदाधिकारी के नीतियों को जमकर कोसा। इससे स्पष्ट हो गया कि कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली शहर के लोगों को अच्छी नहीं लग रही है।

धीरज कुमार का कहना था कि सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन ट्रेनिंग कॉलेज के समीप महाकाल मंदिर नहर रोड पर कचरा डंपिंग स्थल पर किया गया। आबादी के बीच नहर किनारे हो रहे कचरा डंपिंग के खिलाफ पूर्व पार्षद धीरज कुमार ने अनुमंडलीय लोक शिकायत में परिवाद दायर किया था। नगर परिषद के ईओ मनोज कुमार ने लोक शिकायत में गलत सूचना दिया कि कचरा नहीं गिराया जा रहा है। पूर्व वार्ड पार्षद धीरज कुमार ने कहा कि ईओ का बुद्धि भ्रष्ट हो गया है। ईओ सिर्फ लूटपाट और मोटा माल कमाने में लगे हुए है। वार्ड 23 के कई जनहित के कार्य दुर्भावना से ग्रसित होकर नही करते है। इनकी सदबुद्धि के लिए रविवार को कचरा स्थल पर पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन सामग्रियों से पंडित विजय मिश्रा के द्वारा सदबुद्धि यज्ञ सम्पन्न किया गया। मौके पर टाउन वेंडिंग कमेटी के मिन्टू हाशमी, राजेन्द्र पाल, उधम यादव, संजय प्रसाद, रामअवतार प्रजापती, निजामुद्दीन अंसारी, गोरख सोनार, संजय पासवान, हैप्पी रंजन, रितिक कुमार आदि कई लोग शामिल रहे।