JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

दिल्ली में जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजीव रंजन का देर रात निधन हो गया।

JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस
Rajeev Ranjan

नई दिल्ली/केटी न्यूज़

दिल्ली में जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजीव रंजन का देर रात निधन हो गया।पेट में दर्द उठने के बाद अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।65 वर्षीय रंजन को सांस लेने में कठिनाई होने पर दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।राजीव रंजन के बेटे ने यह जानकारी दी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रंजन के निधन पर शोक-संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री के गृह जिला नालंदा जिले के निवासी रंजन ने 2010 में इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। पांच साल बाद, नीतीश के साथ मतभेदों के कारण वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए जो उस समय विपक्ष में थी। दिसंबर 2022 में, रंजन भाजपा को छोड़कर वापस जेडीयू में आ गये थे और उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता बनाया गया था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि ‘राजीव रंजन एक कुशल राजनीतिज्ञ एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे।उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति एवं उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने भी शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ‘पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह राष्ट्रीय प्रवक्ता हमारे पुराने साथी राजीव रंजन जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है।उनके निधन से एक कुशल राजनेता एवं कर्मठ साथी की अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों के लिए संबल की कामना करता हूं।

शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर पटना लाया जायेगा। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के विधान परिषद में मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी और जदयू के राष्ट्रीय सलाहकार पूर्व सांसद केसी त्यागी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक जताया है।