पीपराढ़ के युवक की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, हत्या या दुर्घटना जांच में जुटी पुलिस

पीपराढ़ के युवक की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, हत्या या दुर्घटना जांच में जुटी पुलिस

- योगिया के ट्रिपल मर्डर में था आरोपित, प्रोपर्टी डीलर का करता था काम, घर से बिहिया जाने के लिए बोल निकला था मृतक

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

गुरूवार की सुबह बगेन थाना क्षेत्र के पीपराढ़ गांव के एक युवक की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई है। उसका शव गांव से बाहर छेरा नदी के किनारे पड़ा था। शरीर पर जख्म के निशान थे तथा उसकी पल्सर बाइक भी टूट गई थी। परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली तो वे दौड़े भागे घटना स्थल पहुंचे तथा उसे उठाकर वहां से इलाज के लिए रघुनाथपुर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों की सूचना पर अस्पताल पहुंची बगेन थाने की पुलिस ने शव को कब्जें में ले पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा। मृतक की पहचान पीपराढ़ के स्व. अखिलानंद मिश्र के 45 वर्षीय पुत्र संतोष मिश्र के रूप में हुई है। करीब एक दशक पूर्व वह ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के योगियां गांव में हुए ट्रिपल मर्डर केस का नामजद आरोपित था। लेकिन जांच के दौरान उसे क्लीन चिट मिल गया था। हालांकि उसकी मौत हत्या है

या दुर्घटना इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। एक तरफ परिजन हत्या का आरोप लगा रहे है। परिजनों का कहना है कि मृतक के बेरहमी से पिट पिटकर हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि उसका हाथ पैर टूट गया है तथा घुटने व शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान मिले है। उसकी पल्सर बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने इस संबंध में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

घटना को ले क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हो रही है। बगेन थानाध्यक्ष अख्तर रब्बानी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही रघुनाथपुर सीएचसी पहुंच शव को कब्जे में ले पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है। 

प्रोपर्टी डिलिंग का करता था काम

मिली जानकारी के अनुसार मृतक बिहिया में प्रोपर्टी डीलर का काम करता था। वह हर दिन अपने घर से बिहिया जाता था। गुरूवार की सुबह करीब आठ बजे वह बिहिया जाने के लिए ही अपनी पल्सर बाइक से निकला था। करीब साढ़े नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह छेरा नदी के किनारे बेसुध पड़ा है।

इस सूचना पर परिजन दौड़ेभागे वहां पहुंचे तथा उसे उठाकर इलाज के लिए रघुनाथपुर लाए। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मच गया है। उसके दोनों बड़े भाई अरूण मिश्र व प्रेम मिश्र के साथ पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतक के 16 और 14 वर्ष के दो पुत्र भी है। पिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद से ही दोनों बदहवास हो गए है।