पंचायतों में लगेगा “सहयोग शिविर”, जन शिकायतों का होगा त्वरित समाधान
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


__ 19 मई को जिले के आठ प्रखंडों की चयनित पंचायतों में होगा आयोजन, डीएम ने सभी विभागों को दिए समन्वय के निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को बार-बार प्रखंड अथवा जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। शिविर में प्राप्त आवेदनों का निपटारा संबंधित अधिनियमों एवं योजनाओं में निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा तथा इसकी लिखित सूचना आवेदकों को उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर के दौरान अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अंचलाधिकारी स्तर के अधिकारी अपने न्यायालयों में लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची का प्रदर्शन करेंगे। इससे आम लोगों को अपने मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही संबंधित पंचायतों के राजस्व मामलों का शिविर से पूर्व नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।प्रशासन की ओर से यह भी तय किया गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शिविर में लोगों को दी जाएगी। शिविर का आयोजन पंचायत सरकार भवन अथवा उसके निकट किसी सार्वजनिक स्थल पर किया जाएगा। आम लोगों के बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि “सहयोग शिविर” की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। वहीं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को समाचार पत्रों एवं मीडिया माध्यमों से शिविर की सूचना प्रसारित करने का निर्देश दिया गया है।विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित थानाध्यक्षों, अंचलाधिकारियों एवं बीडीओ को पर्याप्त संख्या में कर्मियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को शिविर के सफल संचालन एवं कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।19 मई को आयोजित होने वाले पंचायतवार सहयोग शिविर की सूची भी जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई है।

इसके तहत बक्सर प्रखंड के चुरामनपुर एवं अर्जुनपुर, राजपुर प्रखंड के तियरा एवं खरहना, इटाढ़ी प्रखंड के हकीमपुर एवं विक्रम इंग्लिश, चौसा प्रखंड के रामपुरकला एवं जलीलपुर, सिमरी प्रखंड के राजपुर परसनपाह एवं एकोना, डुमरांव प्रखंड के नुआंव, ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर एवं बगेन तथा नावानगर प्रखंड के आथर एवं अतिमी पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।प्रशासन ने बताया कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत नागरिक सहयोग हेल्पलाइन 1100 एवं सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध वास्तविक समय अनुश्रवण सुविधा के जरिए लोग अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर शिविरों को सफल बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि इस पहल से आम नागरिकों के जीवन को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

