डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा

बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को एक सादे लेकिन गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की।

डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा

-- अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले दूरदर्शी नेता को कांग्रेसजनों ने किया नमन

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को एक सादे लेकिन गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारत ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर ख्यातिप्राप्त अर्थशास्त्री थे। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव और विवेकपूर्ण निर्णयों के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की। आर्थिक उदारीकरण, सुधारों और वैश्विक मंच पर भारत की साख को स्थापित करने में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है।

डॉ. पांडे ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की कथनी और करनी में पूर्ण सामंजस्य था। वे सादगी, ईमानदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने कभी भी राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया और कठिन परिस्थितियों में भी देश को आर्थिक रूप से स्थिर रखने का कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन देश सेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा।

उन्होंने आगे कहा कि आज की पीढ़ी के लिए डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन एक आदर्श है, जिससे सीख लेकर देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है। उनके विचार और कार्य आने वाले वर्षों तक देशवासियों को प्रेरणा देते रहेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भोला ओझा, योगी नारायण मिश्रा, बबन तुरहा, दिवाकर सेठ, राकेश यादव, राजू यादव, ईश्वर चंद्र श्रीवास्तव, महेंद्र चौबे, दीनबंधु यादव, कुशल राम, दिनेश राम सहित कई प्रमुख कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की स्मृति को नमन किया।