दो मुख्यमंत्री भरी सभा में दे चुके हैं आश्वासन, बावजूद दो दशक से धनसोई नहीं बन पाया प्रखंड

राजपुर और इटाढ़ी की कुछ पंचायतों को मिलाकर धनसोईं को प्रखंड का दर्जा दिये जाने का प्रस्ताव दो दशक से धूल फांक रहा है। वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी यहां भरी सभा में धनसोई को प्रखंड का दर्जा दिये जाने की मांग पर अपनी सहमति जता चुके हैं।

दो मुख्यमंत्री भरी सभा में दे चुके हैं आश्वासन, बावजूद दो दशक से धनसोई नहीं बन पाया प्रखंड
केटी न्यूज़, धनसोई : लोकसभा हो या विधानसभा का चुनाव हर चुनाव में स्थानीय मतदाताओं की धनसोईं को प्रखंड का दर्जा देने की मांग रहती है। यह दोनों चुनावों के लिए प्रमुख मुद्दा होता है। बावजूद इनकी मांग पर किसी भी सरकार में अमल नहीं किया जा रहा है। राजपुर और इटाढ़ी की कुछ पंचायतों को मिलाकर धनसोईं को प्रखंड का दर्जा दिये जाने का प्रस्ताव दो दशक से धूल फांक रहा है। वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी यहां भरी सभा में धनसोई को प्रखंड का दर्जा दिये जाने की मांग पर अपनी सहमति जता चुके हैं। 
सुषमा स्वराज ने भी दिया था आश्वासन
स्थानीय लोग बताते हैं कि वर्ष 1995 में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने सर्वप्रथम इटाढ़ी उच्च विद्यालय के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए धनसोईं को प्रखंड बनाने का वादा किया था। वर्ष 2000 के चुनावी सभा में उन्होंने अपने वादे को दुहराया। इसके बाद वर्ष 2005 में विधानसभा चुनाव के प्रचार में आये तत्कालीन केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, सुशील कुमार मोदी तथा सुषमा स्वराज ने भी धनसोईं को प्रखंड का दर्जा दिलाने की वकालत की। इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तियरा तथा धनसोईं के कालेज मैदान के प्रांगण में गत विधानसभा चुनाव की चुनावी जनसभा में धनसोई को प्रखंड बनाने का भरोसा दिलाया था। 
तेजस्वी यादव भी कर चुके हैं वकालत
गत विधानसभा चुनाव के दौरान गांधी स्मारक उच्च विद्यालय के मैदान में राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी प्रखंड का दर्जा देने की वकालत कर चुके हैं। लोगों को दिलासा देने के लिए कई बार जिला प्रशासन से प्रस्ताव भी मांगा गया। इसका सर्वे भी तत्कालीन जिलाधिकारी विष्णुदेव सिंह के समय में हुआ था। लेकिन अब तक धनसोईं को प्रखंड बनाने का प्रस्ताव लंबित है। 
12 पंचायतों को लेने का था प्रस्ताव
प्रस्तावित प्रखंड धनसोई के अंतर्गत पंचायतों में धनसोई, समहुता, खरहना, बन्नी, मटकीपुर, दुल्फा, कैथहरकलां व सिकढ़ी के अलावे इटाढ़ी प्रखंड की बिक्रम इंग्लिश, इन्दौर, चिलहर तथा बसांव पंचायत को शामिल करने का प्रस्ताव था।