वाराणसी-कोलकाता कोरीडोर का निर्माण सितंबर से होगा: गडकरी

वाराणसी-कोलकाता कोरीडोर का निर्माण सितंबर से होगा: गडकरी

-केंद्रीय मंत्री का बिहार दौरा : नितिन गडकरी ने रोहतास जिला में पंडुका पुल निर्माण का किया शिलान्यास, वहीं बक्सर में 2 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण 

-दर्द: झारखंड और बिहार में फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं होने से होती है दिक्कत 

पहल: गडकरी ने कहा- हम बिहार में 15 पुलों का कर रहे हैं निर्माण

-सौगात 9,000 करोड़ की लागत से 60 बाईपास का हो रहा है निर्माण

-वादा: जल्द ही बिहार की सड़कें अमेरिका से भी बेहतर नजर आएंगी  

केटी न्यूज /नौहट्टा/बक्सर 

तेजस्वी से बोले- आप योजनाएं लेकर आएं, सभी पूरी की जाएंगी 

एथेनाल को ईधन के रूप में बढ़ावा देने के लिए भी गडकरी ने तेजस्वीक यादव से आगे आने की अपील की।पेट्रोल और डीजल को देश से हटाना मेरा सपना हैः गडकरी 

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को बिहार के दो जिलों में आयोजित शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। बिहार दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री सबसे पहले रोहतास जिले के नौहट्टा में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सांसद छेदी पासवान व अन्य नेताओं के साथ मंच साझा किया। इस दौरान उन्होंने नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के पंडुका पुल निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद बटन दबाकर नितिन गडकरी ने पुल का शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम वाराणसी-कोलकाता कोरीडोर बना रहे हैं। इस 620 किलोमीटर की सड़क पर लोग 5-6 घंटे में वाराणसी से कोलकाता पहुंच जाएंगे। कोलकाता वाराणसी ग्रीन फील्ड सड़क निर्माण सितंबर तक प्रारंभ हो जाएगा। यह 19 मिक्स कॉरिडोर बिहार के अधिक क्षेत्र से होकर जाएगा। झारखंड और बिहार में फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं होने कारण दिक्कत होती है। हम 15 पुलों का निर्माण बिहार में कर रहे हैं। 9,000 करोड़ की लागत से 60 बाईपास का निर्माण हो रहा है। जल्द ही बिहार की सड़कें अमेरिका से बेहतर होंगी।  उन्होंिने तेजस्वी। को कहा कि आप योजनाएं लेकर आएं, सभी को पूरी की जायेंगी। एथेनाल को ईधन के रूप में बढ़ावा देने के लिए भी गडकरी ने तेजस्वी  यादव से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं किसान हूं। तीन चीनी मिल मेरे पास है। हमने उसमें 15 हजार लोगों को रोजगार दिया है। मेरा सपना है, पेट्रोल डीजल को देश से हटा दें। चावल की भूसी से इथेनाल तैयार हो रहा है। इससे गाड़ियां चलती हैं। मैं इसलिए कह रहा हूं कि किसान अन्नदाता ही नहीं अब आत्मनिर्भर भी बनेंगे। मेरा जीवन किसानों को समर्पित है। बता दें कि नौहट्‌टा में 210 करोड़ रुपए की लागत से 1.5 किमी लंबा 2-लेन आरसीसी पुल का निर्माण कार्य किया जाना है। सोन नदी पर इस पुल के बनने से एनएच-19 और एनएच-39 सीधे जुड़ जाएंगे, जिससे बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। 

नितिन गडकरी पार्टी नहीं, बल्कि विकास के लिए काम करते हैं: तेजस्वी 

कार्यक्रम में उपस्थित उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नितिन गडकरी की खुलकर तारीफ की। तेजस्वी ने कहा कि नितिन गडकरी जैसे मंत्री केंद्र सरकार में और भी होने चाहिए, ताकि और विभागों में भी काम ना रुके। नितिन गडकरी पार्टी नहीं, बल्कि विकास के लिए काम करते हैं। नितिन गडकरी एक प्रोग्रेसिव और पॉजिटिव मंत्री हैं। तेजस्वी बिहार के रोहतास में एनएच परियोजना के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। तेजस्वी यादव ने आगे कहा- नितिन गडकरी विकास के मामले में पार्टी नहीं देखते हैं, बल्कि लोगों को देखते हैं। देश को देखते हैं। राज्यों को देखते हैं कि हमारा राज्य और देश कैसे बढे़। हमारा उनके साथ काफी अच्छा अनुभव रहा है। बेशक पहली बार हम 18 महीने के लिए ही उपमुख्यमंत्री बने हों। हमेशा नितिन गडकरी का सहयोग मिलता रहा। किसी भी काम के लिए इनके पास गए तो इन्होंने तुरंत उस काम को किया। हम तो कहेंगे- हम तो युवा हैं, छोटे हैं, हमें लालसा है काम करने की। शिलान्यास समारोह में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल समेत अन्य नेता उपस्थित रहे।   

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र कटिबद्ध: गडकरी 

रोहतास में आयोजित समारोह के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बक्सर पहुंचे। यहां उन्होंने 3,390 करोड़ रुपए की लागत वाली 2 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को गति देते हुए बक्सर में 3,390 करोड़ रुपए की लागत वाली 2 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण किया जा रहा है। बक्सर आरा 92 किलोमीटर के फोर लेन सड़क का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही बक्सर गंगा नदी पर दो ब्रिज के साथ एक और चार लाइन के ब्रिज का शिलान्यास किया। वहीं बक्सर मोहनिया 70 किलोमीटर को जोड़ने वाले एसएच 14 को चार लाइन सड़क का तोहफा दिया। उन्होंने बताया कि चार लेन पुल निर्माण को लेकर दिसम्बर तक डीपीआर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही बक्सर बलिया पूर्वांचल एक्स्प्रेसवे का भी जल्द डीपीआर बनेगा। वही बक्सर से मोहनिया तक चार लाइन सड़क निर्माण में 1060 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि गंगा पुल के निर्माण से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन सुविधाजनक होगा। 37 अंडरपास से पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही आसान होगी। 5 बड़े पुल और 13 लघु पुलों से हल्के एवं भारी वाहनों का परिवहन सुगम होगा। गडकरी ने बक्सर-कोइलवर के बीच दो एनएच का उद्घाटन किया। नितिन गडकरी ने कहा कि अश्विनी चौबे जी ने जो बक्सर के लिए मांग की उसे पूरा किया। आने वाले दिनों में बक्सर व आसपास कनेक्टिविटी बहुत ही बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने इन परियोजनाओं को बिहार के विकास में मील का पत्थर बताया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल आदि उपस्थित रहे। 

कोइलवर-बक्सर एनएच का निर्माण मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट था: अश्विनी चौबे 

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि कोइलवर-बक्सर एनएच का निर्माण मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट था। इसके लिए मैं लगातार सक्रिय रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करता हूं। कहा कि बक्स र से चौसा के बीच अब फोर लेन सड़क बनेगी। इसके जरिए पटना-आरा-बक्स्र फोरलेन हाइवे को सीधे जीटी रोड से कनेक्िवबकविटी मिलेगी। पटना से भोजपुर (आरा) जिले के कोईलवर के बीच फोरलेन एलिवेटेड रोड को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, जबकि कोईलवर से बक्सनर के बीच फोरलेन हाइवे का काम अंतिम चरण में है। चौसा (बक्सलर) से कैमूर जिले के मोहन‍िया के बीच फोर लेन हाइवे को भी मंजूरी मिल चुकी है। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में 618 करोड़ रुपए की लागत से 17 किमी लंबाई के ग्रीनफ़ील्ड 4-लेन बक्सर लिंक की स्वीकृति प्रदान की गई है। जो उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गए पूर्वांचल एक्स्प्रेस-वे को लखनऊ से बिहार तक जोड़ेगा। जल्द ही इस प्रोजेक्ट का काम शुरु होगा, जिसकी समय अवधि 2 वर्ष रखी गई है। NH-31 के गाजीपुर - बलिया - मांझी घाट और बक्सर लिंक को चार पैकेज में ग्रीनफ़ील्ड 4-लेन बनाया जा रहा है। इसके बनने से समूचे क्षेत्र का विकास होगा।