पुलिस टीम को उड़ाने और हथियार लूटने के उद्देश्य से सिलिंडर बम लगाने में वांछित मुखिया गिरफ्तार

गिरफ्तार पूर्व नक्सली मुखिया पासवान अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के स्थानीय अगिआंव निवासी मुखिया पासवान है। उसे सोमवार की दोपहर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले अगिआंव बाजार से ही गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस टीम को उड़ाने और हथियार लूटने के उद्देश्य से सिलिंडर बम लगाने में वांछित मुखिया गिरफ्तार
केटी न्यूज़, भोजपुर: लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व के बड़े कांड में वांछित एक नक्सली को गिरफ्तार करने में चरपोखरी थाने की पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार नक्सली अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के स्थानीय अगिआंव निवासी मुखिया पासवान है। उसे सोमवार की दोपहर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले अगिआंव बाजार से ही गिरफ्तार किया गया है। 
नक्सली के गिरफ्तार होने पर, पुलिस ने कथराई रोड़ क्षेत्र में जुलाई 2015 में एक पुलिया के नीचे प्लांट किए गए सिलिंडर बम के मामले का भी जिक्र किया। उसने अगिआंव बाजार थाने में दर्ज लूट और डकैती के कांडों में भी हिस्सा लिया था।
गिरफ्तार नक्सली के बारे में जानकारी देते हुए, पुलिस अधिकारी राहुल सिंह ने कहा कि उसे पुलिस की गाड़ी उड़ाकर हथियार लूटने के उद्देश्य से एक पुलिया के नीचे सिलिंडर बम प्लांट करने के करीब नौ साल पहले का मामला भी लगा है।
एसडीपीओ राहुल सिंह की ओर से मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि एक जुलाई 2015 को चरपोखरी कथराई रोड में रेलवे लाइन से कुछ दूरी पर एक पुलिया के नीचे नक्सलियों की ओर से सिलिंडर बम प्लांट किया गया था। तब भोजपुर पुलिस व सीआरपीएफ की सक्रियता से बम को बरामद कर लिया गया था। उस मामले में भोजपुर और औरंगाबाद के आधा दर्जन नक्सलियों का नाम आया था। उनमें अधिकतर को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि मुखिया पासवान उस मामले में अबतक फरार चल रहा था। इस बीच सोमवार दोपहर सूचना मिली कि मुखिया पासवान किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में अगिआंव बाजार में छुपा है। 
उस आधार पर उसकी गिरफ्तारी को लेकर प्रशिक्षु डीएसपी सह चरपोखरी थानाध्यक्ष कन्हैया प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी। गिरफ्तार मुखिया पासवान अगिआंव बाजार थाना में 2012 में दर्ज लूट और 2018 में डकैती कांड में भी आरोपित रहा है। 
चुनाव प्रभावित करने को लगाया गया था सिलिंडर बम 
नक्सलियों द्वारा विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने व पुलिस का हथियार लूटने के उद्देश्य से चरपोखरी थाना क्षेत्र के कथराई रोड़ में एक पुलिया के नीचे सिलिंडर बम लगाया गया था। हालांकि समय रहते सीआरपीएफ और भोजपुर पुलिस टीम द्वारा बम सुरक्षित तरीके से बरामद कर लिया गया था। तब पुलिस द्वारा पुलिया के नीचे से पांच-पांच किलो के दो सिलिंडर से डेटोनेटर लगे आइइडी बरामद किए गए थे। तब पुलिस कि ओर से बताया गया था कि भोजपुर और औरंगाबाद के कुछ नक्सलियों की ओर से यह साजिश रची गयी थी। पूरी साजिश अगिआंव बाजार इलाके के ही एक नक्सली के घर बैठक में रची गई थी।