त्योहारों से पहले प्रशासन का एक्शन प्लान, ब्लैक स्पॉट से लेकर पूजा पंडालों तक रहेगी कड़ी निगरानी

आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में हुई मैराथन समीक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भू-विवाद, मद्य निषेध, खनन, साइबर क्राइम, लोक शिकायत निवारण तथा लोक सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।

त्योहारों से पहले प्रशासन का एक्शन प्लान, ब्लैक स्पॉट से लेकर पूजा पंडालों तक रहेगी कड़ी निगरानी

__ सड़क सुरक्षा और यातायात पर डीएम साहिला सख्त, भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के साथ शराब, खनन, साइबर क्राइम व लोक शिकायतों पर भी समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर।

आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में हुई मैराथन समीक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भू-विवाद, मद्य निषेध, खनन, साइबर क्राइम, लोक शिकायत निवारण तथा लोक सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि पर्वों के दौरान व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

__ ब्लैक स्पॉट पर एम्बुलेंस-टोइंग वाहन की व्यवस्था

सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर एम्बुलेंस और टोइंग वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक साइनेज लगाने तथा ब्लैक स्पॉट को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी यातायात पुलिस उपाधीक्षक को दी गई। पर्वों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन के लिए रूट चार्ट तैयार करने और सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरा करने को कहा गया। एसडीओ बक्सर और डुमरांव को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

__ भू-विवाद पर सीओ-थानेदारों की जवाबदेही तय

भू-समाधान पोर्टल की समीक्षा के दौरान डीएम ने भूमि विवादों के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन पर विशेष जोर दिया। सभी अंचलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को प्रत्येक सप्ताह नियमित बैठक करने तथा प्राप्त परिवादों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि पोर्टल पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील मामलों में अधिकारियों को स्वयं संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।

__ सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रखने का निर्देश

विधि-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को कैमरों को 24×7 क्रियाशील रखने तथा खराब कैमरों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। पर्वों के मद्देनजर एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को सभी पूजा पंडालों एवं प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।

__ जब्त शराब और वाहनों के निस्तारण में तेजी

मद्य निषेध मामलों की समीक्षा में जब्त शराब तथा शराब के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के नियमानुसार विनष्टीकरण और नीलामी की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया। वहीं नीलाम पत्र वादों की समीक्षा में बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाकर बॉडी वारंट के अनुपालन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। एसडीओ और एसडीपीओ बक्सर एवं डुमरांव को पाक्षिक बैठक कर ऐसे मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश मिला।

__ लोक शिकायतों के निस्तारण में देरी पर नजर

बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत लंबित मामलों की भी समीक्षा हुई। डीएम ने सभी सीओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लोक शिकायत केंद्रों पर प्राप्त ऑफलाइन आवेदनों को भी समय पर निस्तारित करने को कहा गया। आईटी प्रबंधक को इन मामलों की सतत मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े इंतजामों में किसी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।