बरात में बवाल: दूल्हे की कार की चाबी छीनी, बारातियों पर हमला
स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकियां गांव में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने बरात में पहुंचकर हंगामा करते हुए दूल्हे और बारातियों के साथ मारपीट कर दी। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। मामले को लेकर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।


केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकियां गांव में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने बरात में पहुंचकर हंगामा करते हुए दूल्हे और बारातियों के साथ मारपीट कर दी। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। मामले को लेकर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।बताया जाता है कि 12 मई को चौकियां गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। दरवाजे पर बरात लगने के दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और दूल्हे की गाड़ी की चाबी छीन ली। विरोध करने पर आरोपितों ने दूल्हे तथा उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

आरोप है कि युवकों ने इसके बाद सामियाना में घुसकर बारातियों के साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं, लड़की पक्ष के लोगों को भी निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।इस मामले में लड़की के पिता अमावश राम के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मामले में विवेक कुमार, बंटी कुमार, पंकज कुमार समेत कुल आठ लोगों को आरोपित बनाया गया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

