डुमरांव बनेगा डिजिटल शहर: जीआईएस सर्वे से नागरिक सेवाओं में आएगी पारदर्शिता और रफ्तार
डुमरांव शहर अब पारंपरिक विकास मॉडल से आगे बढ़ते हुए डिजिटल और डेटा आधारित शहरी नियोजन की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। नगर परिषद क्षेत्र में पहली बार जीआईएस (जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम) आधारित सर्वे और मैपिंग कराई जाएगी, जिससे न केवल शहर का विकास अधिक वैज्ञानिक होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव शहर अब पारंपरिक विकास मॉडल से आगे बढ़ते हुए डिजिटल और डेटा आधारित शहरी नियोजन की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। नगर परिषद क्षेत्र में पहली बार जीआईएस (जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम) आधारित सर्वे और मैपिंग कराई जाएगी, जिससे न केवल शहर का विकास अधिक वैज्ञानिक होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने बताया कि डुमरांव में 31 मार्च तक जीआईएस सर्वे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस कार्य के लिए वीवीएन टेक्नोलॉजी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो एक टाउन कोऑर्डिनेटर और 9 सर्वेयर की टीम के साथ पूरे नगर क्षेत्र का डिजिटल डेटा तैयार करेगी। यह सर्वे शहर की हर गली, हर मोहल्ले और हर बस्ती को डिजिटल नक्शे पर दर्ज करेगा।जीआईएस मैपिंग पूरी होने के बाद डुमरांव की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे प्रॉपर्टी टैक्स, भवन विवरण, ट्रेड लाइसेंस, ऑनलाइन भुगतान और विभिन्न प्रमाण पत्रों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को नगर कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।

इस सर्वे के तहत सड़कों, सरकारी जमीन, पार्क, ग्रीन एरिया, सार्वजनिक भवन और अन्य बुनियादी ढांचों की अलग-अलग डिजिटल लेयर बनाई जाएगी। इससे नगर प्रशासन को यह स्पष्ट जानकारी मिलेगी कि कहां कौन-सी सुविधा की कमी है और कहां सुधार की जरूरत है। विशेष रूप से उन बस्तियों पर ध्यान दिया जाएगा, जो अब तक अव्यवस्थित विकास के कारण बुनियादी सुविधाओं से वंचित रही हैं।शहरी विकास विभाग का मानना है कि जीआईएस आधारित योजना से जल आपूर्ति, सीवरेज, सड़क, यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में संतुलित विकास संभव होगा। नगर प्रशासन को उम्मीद है कि यह पहल डुमरांव को न सिर्फ स्मार्ट बनाएगी, बल्कि नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में भी ठोस और सकारात्मक बदलाव लाएगी।

